Bihar Crime News: भागलपुर के पीरपैंती में जमीन के विवाद को लेकर 22 वर्षीय युवक की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई. खेत की मेढ़ काटने को लेकर सोमवार को युवक और उसके चचेरे भाई के बीच विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने पर आरोपी ने युवक के सिर और सीने पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई.
मृतक की पहचान पीरपैंती निवासी 22 वर्षीय राधे कुमार के रूप में हुई है. वह किसान था और अपने माता-पिता के साथ खेती का काम करता था. राधे पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था. उसके पिता बासुदेव मंडल और मां सीता देवी ने बताया कि घर के पास की खेती की जमीन को लेकर आरोपी महेंद्र मंडल के साथ पहले से विवाद चल रहा था.
सोमवार को खेत में काम करने के दौरान मेढ़ काटने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ. इसी दौरान महेंद्र मंडल ने राधे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले में राधे गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया.
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने राधे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया. परिजन उसे लेकर मायागंज अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा था. रात करीब 12:50 बजे इलाज के दौरान राधे ने दम तोड़ दिया.
परिजनों ने बताया कि महेंद्र मंडल से दो डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों पक्षों के बीच कई बार सामाजिक स्तर पर समझौता भी कराया गया था. परिजनों का आरोप है कि समझौते के बाद कुछ समय तक मामला शांत रहता था, लेकिन बाद में आरोपी की ओर से दोबारा विवाद किया जाता था और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी.
घटना के बाद आरोपी फरार
युवक की मौत के बाद आरोपी महेंद्र मंडल फरार बताया जा रहा है. परिजनों के अनुसार, घटना के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही है. परिवार का आरोप है कि राधे पर हमला जमीन विवाद को लेकर ही किया गया.
परिजनों के मुताबिक, खबर लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी और आरोपी की गिरफ्तारी भी नहीं हो सकी थी. उनका कहना है कि युवक की मौत के बाद भी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी.
पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत ने बताया कि मामला गोतिया विवाद से जुड़ा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों से जानकारी ली गई है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





