Bihar Crime News: बिहार की राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में मंगलवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने उसके चाचा ललन शर्मा पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि वारदात सुबह करीब 7:30 बजे हुई, जब दीपक को छह गोलियां मारी गईं। गोलियां उसके सिर, पैर, जांघ और पेट में लगीं।
जानकारी के मुताबिक, दीपक कुमार और उसके चाचा ललन शर्मा के बीच पिछले करीब चार साल से विवाद चल रहा था। शुरुआती जानकारी में विवाद की वजह प्रेम प्रसंग और पारिवारिक मतभेद बताई जा रही है। इसके अलावा, परिवार की ओर से जमीन को लेकर भी विवाद होने के आरोप लगाए गए हैं।
मृतक के पिता विंध्याचल शर्मा ने आरोप लगाया कि इस वारदात में ललन शर्मा के साथ उनके दामाद रवि की भी भूमिका है। उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों के शामिल होने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
दीपक की मां के मुताबिक, ललन शर्मा ने कथित तौर पर दीपक और उसकी पत्नी से सड़क किनारे स्थित कीमती जमीन धोखे से अपने नाम लिखवा ली थी। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
वहीं, आरोपी की पत्नी शोभा देवी ने आरोप लगाया कि उनके पति का दीपक की पत्नी के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर चाचा और भतीजे के बीच अक्सर झगड़ा होता था। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों के बीच तनाव काफी समय से चल रहा था।
आरोप है कि दीपक को गोली मारने के बाद ललन शर्मा मौके से फरार हो गया। ललन शर्मा बिल्डर बताया जा रहा है और जमीन के कारोबार से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी की पत्नी शोभा देवी और बेटी को हिरासत में लिया है।
फुलवारीशरीफ के एएसपी नारायण उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे दीपक कुमार की हत्या की सूचना मिली थी। मृतक के पिता का बयान दर्ज कर लिया गया है। उनके बयान के अनुसार, आरोपी और मृतक की पत्नी के बीच संबंध को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखे बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में पिस्टल से गोली चलाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारीशरीफ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, इस्तेमाल किए गए हथियार और वारदात में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।





