Senco Jewellers Robbery: बेतिया के चर्चित सेंको ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं. करीब 15 से 18 करोड़ रुपये के आभूषण लूटने वाले अपराधियों की पहचान करने में पुलिस जुटी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात में शामिल आठ अपराधियों में से छह की पहचान कर ली गई है. वहीं, चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है.
जांच में सामने आया है कि अपराधियों ने इस बड़ी लूट की पूरी प्लानिंग पहले से कर रखी थी. सभी अपराधी 17 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे ही बेतिया पहुंच गए थे. उन्होंने अपनी कार बेतिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कर दी और अगले दिन सुबह से ही ज्वेलरी शोरूम और आसपास के इलाकों की रेकी शुरू कर दी.
जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने करीब 12:30 बजे सेंको ज्वेलर्स शोरूम में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया. दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद अपराधी लूटे गए आभूषण लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां पहले से खड़ी अपनी कार में गहने रख दिए. इसके बाद सभी अपराधी बाइक से अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए.
15 से 18 करोड़ के गहने लूटने का दावा
लूट की रकम को लेकर शोरूम मालिक बृजेश कुशवाहा ने करीब 15 से 18 करोड़ रुपये के आभूषण गायब होने की बात कही है. उन्होंने बताया कि रात करीब 2 बजे तक गहनों की गिनती और वजन करने का काम चला. इसके बाद लूटे गए आभूषणों की कीमत का आकलन किया गया.
आठ अपराधियों ने मिलकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस लूटकांड में कुल आठ अपराधी शामिल थे. इनमें से छह की पहचान किए जाने की चर्चा है. वहीं, चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी सूचना है. बताया जा रहा है कि संदिग्ध दूसरे जिले के रहने वाले हैं. हालांकि, पुलिस ने अब तक इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय ने बुधवार की रात बताया था कि पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है. कुछ अपराधियों की पहचान भी की गई है और मिले सुरागों के आधार पर कार्रवाई चल रही है.
डीआईजी ने उम्मीद जताई थी कि एक से दो दिनों के भीतर पूरे लूटकांड का खुलासा कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस की टीमें अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं.




