BIHAR NEWS : अरवल में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। बिजली विभाग में कार्यरत एक कनीय विद्युत अभियंता (जेई) ने स्थानीय विधायक पर गाली-गलौज, मारपीट, धमकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में जेई ने अरवल थाना में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता नितेश कुमार, जो विद्युत आपूर्ति प्रशाखा अरवल में कनीय विद्युत अभियंता के पद पर कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया है कि 13 जून 2026 की शाम करीब 7:45 बजे उनके विभागीय मोबाइल नंबर पर कुर्था विधानसभा क्षेत्र के विधायक पप्पू कुमार वर्मा का फोन आया था। नितेश कुमार के अनुसार, उन्होंने फोन उठाते ही शिष्टाचार के तहत नमस्कार किया, लेकिन विधायक ने उनकी पहचान पूछी। जब उन्होंने खुद को कनीय विद्युत अभियंता बताया तो विधायक कथित रूप से नाराज हो गए।
जानिए फ़ोन पर क्या हुआ बातचीत
इधर इस मामले का एक ऑडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें अरवल जिला के
कुर्था विधायक पप्पू वर्मा जेई को कॉल करते हैं और कहते हैं कि - हेल्लो
जेई -हेल्लो नमस्कार विधायक जी,
विधायक पप्पू वर्मा - हेल्लो
जेई कहता है - हाँ बोला जाए
विधायक कहते हैं - के बोल रहे हैं
जेई जवाब देते हैं - जेई साहब अरवल
विधायक बोलते हैं - जेई साहब बोल रहे हैं तो शिष्टाचार भूल गए हैं क्या ? विधायक फोन कर रहा है तो मतलब बोल रहे हैं की बोलिए , तुम होश में हैं की नहीं है ... दारु पी लिया है क्या ? अरे बोल रहे है कि विधायक बोल रहे हैं तो तुम बोल रहा है हाँ बोलिए , जुतबा से मारेंगे आएंगे तो ...चीन्हता है न ...
जेई कहता है - रिकार्डिंग सुनिए पहले फिर बोलिए समझ गए
विधायक कहते हैं - तुम पहचानता है की नहीं पहचानता है तुम ,शिष्टाचार भूल गया है समझता है की जात है तो बक्श देंगे तुमको। करेगा बदमाशी तुम लोग
विधायक की सफाई
इसको लेकर जब फर्स्ट बिहार ने विधायक से फ़ोन के जरिए बातचीत की तो विधायक ने बताया कि - राम लगन बीघा में ट्रांसफर जल गया है तो इसको लेकर हमने जेई को कॉल किया और इसे तुरंत बदलने का काम किया जाए। इसी दौरान वह गलत तरीके से बात करने लगा फिर जेई ने मुझे व्हाटअप कॉल किया और कहा कि - बड़का विधायक बन गया है तुमको इस बार हरा देंगे। इस बात की शिकायत मैंने एग्जिक्युटिव महोदय से भी की हैं।
जेई का आरोप है कि विधायक ने उन पर शिष्टाचार नहीं निभाने का आरोप लगाया और बातचीत के दौरान अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ देर बाद विधायक ने व्हाट्सएप कॉल कर उन्हें गालियां दीं और कथित तौर पर 50 हजार रुपये की मांग करते हुए कहा कि पैसे नहीं देने पर उनकी नौकरी प्रभावित कर दी जाएगी। इतना ही नहीं, विधानसभा में उनके खिलाफ सवाल उठाने की भी धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
मामला यहीं नहीं रुका। नितेश कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि 16 जून 2026 को वह मोकरी ट्रांसफार्मर की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कार्यपालक अभियंता के माध्यम से अरवल सर्किट हाउस के कमरा नंबर-6 में बुलाया गया। शिकायत के मुताबिक, वहां विधायक पप्पू कुमार वर्मा और विभाग के कार्यपालक अभियंता पहले से मौजूद थे।
जेई का दावा है कि सर्किट हाउस पहुंचने के बाद उन्होंने विधायक को प्रणाम किया, लेकिन विधायक ने उन्हें मोबाइल टेबल पर रखने के लिए कहा। इसके बाद कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए उनके साथ थप्पड़ और धक्का-मुक्की की गई। शिकायत में कहा गया है कि विधायक ने उन्हें चेतावनी दी कि यदि अरवल में नौकरी करनी है तो उनकी बात माननी होगी, अन्यथा उन्हें यहां काम नहीं करने दिया जाएगा।
नितेश कुमार ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें सरकारी कार्य के दौरान बुलाकर विभागीय कामकाज में बाधा उत्पन्न की गई। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि इस घटना के बाद वह भय और मानसिक दबाव में हैं तथा निष्पक्ष रूप से सरकारी दायित्वों का निर्वहन करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है।
जेई ने अरवल थाना से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और विधायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, इस शिकायत के सामने आने के बाद जिले की राजनीति और प्रशासनिक महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।फिलहाल पुलिस की ओर से शिकायत मिलने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, विधायक की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसमें एक जनप्रतिनिधि और सरकारी अधिकारी आमने-सामने हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है





