Bihar News: ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में दारलीपारी के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार के नवीनगर क्षेत्र के दो युवकों की मौत हो गई। दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में ट्रक पर काम करने वाले चंदन यादव और मंटू यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान टंडवा थाना क्षेत्र की मुंगिया पंचायत के गिरधर बिगहा गांव निवासी जितेंद्र यादव के पुत्र चंदन यादव और बुधन बेला बिगहा गांव निवासी सुरेश यादव के पुत्र मंटू यादव के रूप में हुई है। हादसे की खबर दोनों गांवों में पहुंचते ही मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, चंदन यादव ओडिशा में ट्रक चालक के रूप में काम करते थे। मंटू यादव भी उसी ट्रक पर काम करते थे और हादसे के समय चंदन के साथ जा रहे थे। शनिवार को दारलीपारी के पास दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों में आग लग गई। इस हादसे में चंदन और मंटू की मौके पर ही मौत हो गई।
गिरधर बिगहा गांव निवासी चंदन यादव अपने भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चंदन की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
बुधन बेला बिगहा गांव निवासी मंटू यादव अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। बेटे की मौत की खबर से परिवार को गहरा सदमा लगा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के बुढ़ापे के सहारे के चले जाने से घर में दुख का माहौल है। मंटू की असामयिक मौत से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
ओडिशा में हुए इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। चंदन और मंटू की मौत से उनके परिजनों और ग्रामीणों में गहरा दुख है। दोनों गांवों में शोक का माहौल बना हुआ है और लोग पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधा रहे हैं।




