PATNA: जहानाबाद की नीट छात्रा कांड मामले की जांच सीबीआई कर रही है। लेकिन पीड़ित परिवार को सीबीआई की जांच पर भरोसा नहीं है। वो सीबीआई की जांच पर सवाल उठा रहे हैं। मृतका की मां ने सरकार से इंसाफ की मांग की। कहा कि उनकी बेटी की हत्या हुई है। बेटी की हत्यारों को फांसी मिलनी चाहिए। अब वो बिहार के तमाम नेताओं के घर की चौखट पर जाएंगी और आंचल फैलाकर अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए गुहार लगाएगी।
उन्होंने बताया कि कल 17 जून से पटना में रहने वाले बिहार के तमाम नेताओं से मिलेंगी। चाहे वो सत्ता पक्ष के नेता हो या विपक्ष के नेता सभी के आवास पर 21 सवालों को लेकर वो जाएंगी। इन सवालों का जवाब वो उन नेताओं से मांगेंगी। यदि इन सवालों का जवाब नेताओं की तरफ से नहीं मिलेगा तब आगे बिहार के लाखों परिवार के बीच जाएंगी और संगठनात्मक रूप से आंदोलन करेंगी।
मृतका की मां ने बताया कि जब मेरी बेटी की मौत हुई थी तब हमारे दरवाजे पर सभी नेता न्याय की उम्मीद दिलाने हमारे घर पर आए थे, लेकिन अब सभी चुप हो गये हैं। कल से हम अपना आंचल फैलाकर सभी नेताओं के घर पर जाएंगे और इंसाफ दिलाने की मांग करेंगे। बिहार के उन तमाम नेताओं के पास जाएंगे जो सत्ता में हैं या फिर विपक्ष में हैं। सभी के समक्ष न्याय की गुहार लगाएंगे। यह लड़ाई उन बच्चियों के लिए है जो अपना सपना लेकर पटना में डॉक्टर इंजीनियर बनने के लिए आती हैं, यह लड़ाई उनके भविष्य को लेकर है। यह जिम्मेवारी सभी नेताओं और समाज के सभी वर्ग के लोगों की है।
पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मृतका की मां के साथ मौजूद लोगों ने कहा कि सीबीआई निष्पक्ष एजेंसी के रूप में काम नहीं कर रही है। न्यायालय ने सीबीआई को 90 दिनों के अंदर में चार्जशीट दाखिल करने का आदेश दिया था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। कोर्ट के आदेश के बावजूद पीड़ित परिवार का बयान अभी तक दर्ज नहीं किया गया है। जिस पर आरोप है उसका डीएनए सेंपल लेना चाहिए था, लेकिन पीड़ित परिवार का सेंपल लेने के लिए न्यायालय में सीबीआई की ओर से अर्जी दी गयी, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया। फिर भी कल सीबीआई ने मृतका के परिवार को सैंपल देने के लिए फोन किया है। पीड़ित परिवार को सीबीआई लगातार तंग कर रही है।
नीट छात्रा मामले को ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश की जा रही है। हमलोग ऐसा नहीं करने देंगे। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए हम बिहार के तमाम नेताओं के घर पर जाएंगे। सरकारी जितनी भी साजिश कर लें हम झुकेंगे नहीं। नीट छात्रा को इंसाफ दिलाने सीबीआई नहीं आई थी, वो आरोपी को बचाने आई थी। बीजेपी की सरकार में ऐसा देखने को मिला कि बेटी बचाओ बेटी पढाओ का नारा फेल हो गया। क्या प्रशासन ने हाथ में चुड़ी पहनी हुई है। सरकार की तरफ से नीट छात्रा मामले में कोई पहल नहीं की गयी है। हम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर भी जाएंगे और उनसे भी न्याय की गुहार लगाएंगे। इस 21 सवालों की लेकर नेताओं और मंत्रियों के आवास पर लोग पहुंचेंगे और इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने की अपील करेंगे।


REPORT: RAJNISH-PATNA





