NALANDA: बिहार के नालंदा जिले से दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां महज 500 रुपये की मजदूरी मांगने पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने और उसे खौलते तेल की कड़ाही में फेंकने का आरोप हलवाई पर लगा है। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने 8 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान दरुआरा बेलदारी गांव निवासी 30 वर्षीय कम्बु चौहान के रूप में हुई है। घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के बथानी गांव की है।
500 रुपये की मजदूरी को लेकर हुआ विवाद
मृतक के बड़े भाई सूबे चौहान के मुताबिक, 4 अक्टूबर को बथानी गांव निवासी रघु गोप के पिता का ब्रह्मभोज था। आरोप है कि हलवाई दिलीप कुमार और उसका भतीजा राजा कुमार मिठाई बनाने के काम के लिए कम्बु चौहान को अपने साथ ले गए थे। काम के बदले उसे 500 रुपये मजदूरी देने की बात कही गई थी।
परिजनों का आरोप है कि काम पूरा होने के बाद जब कम्बु ने अपनी मजदूरी मांगी, तो विवाद शुरू हो गया। इसके बाद दिलीप कुमार और राजा कुमार ने कथित तौर पर उसकी बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके दांत भी टूट गए। इसके बाद उसे खौलते तेल की कड़ाही में फेंक दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
मृतक के भाई सूबे चौहान के अनुसार, अस्पताल में इलाज के दौरान कम्बु ने उनसे कहा था, "भइया, मुझे मारा गया है।" इसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
कई अस्पतालों में चला इलाज
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल कम्बु चौहान को नूरसराय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उसे विम्स, पावापुरी और फिर पटना ले जाया गया।
पटना में डॉक्टरों द्वारा जवाब दिए जाने के बाद परिजन उसे वापस बिहारशरीफ लेकर आए और एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। आठ दिनों तक चले इलाज के बाद सोमवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
युवक की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल, इस घटना ने मजदूरी को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत का गंभीर मामला सामने ला दिया है। पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है।





