Bihar Crime News: बिहार के नालंदा में आर्केस्ट्रा में काम करने वाली एक महिला डांसर के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि बर्थडे पार्टी में डांस करने के बहाने युवती को किराए के कमरे में बुलाया गया, जहां दो युवकों ने उसके साथ जबरदस्ती की. घटना लहेरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले की है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी.
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी मोहल्ले के एक मकान में कुछ युवक किराए पर रहते हैं. मकान में मकान मालिक नहीं रहते हैं. इसी मकान में रहने वाले एक युवक का जन्मदिन था. पार्टी में डांस कराने के लिए आर्केस्ट्रा में काम करने वाली दो युवतियों को बुलाया गया था.
पीड़िता के मुताबिक, उसे बताया गया था कि बर्थडे पार्टी में डांस करना है. इसी बात पर वह अपनी एक साथी के साथ वहां पहुंची. जब दोनों युवतियां कमरे में पहुंचीं तो वहां पहले से सात युवक मौजूद थे. कुछ देर तक पार्टी का कार्यक्रम चलता रहा. इसी बीच दूसरी युवती वहां से निकल गई.
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद कमरे में मौजूद दो युवकों ने उसके साथ जबरदस्ती की. घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और FSL टीम
घटना की जानकारी मिलते ही सदर डीएसपी-1 अमरनाथ और लहेरी थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने कमरे का निरीक्षण किया और जांच के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए.
दोनों महिला डांसर पुलिस की सुरक्षा में
घटना के बाद पुलिस ने दोनों महिला डांसरों को अपनी सुरक्षा में लेकर थाने पहुंचाया. वहां उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं, पीड़िता की मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
फिलहाल पुलिस घटना में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.





