Bihar Train Accident: नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र में तुंगी हॉल्ट के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के मंझौली गांव निवासी वीरेंद्र यादव के 25 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है. वहीं, मृतक के साले ने इन आरोपों को खारिज करते हुए घटना को दुर्घटना बताया है.
मृतक के दादा राजदेव यादव के अनुसार, नीरज की शादी करीब तीन-चार साल पहले देवधा गांव निवासी महेश यादव की बेटी से हुई थी. दोनों की एक बेटी भी है. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसकी पत्नी की विदाई नहीं कर रहा था. नीरज जब भी पत्नी को विदा कराने के लिए ससुराल जाता था, उसके साथ मारपीट कर उसे वापस भेज दिया जाता था.
परिजनों का कहना है कि तीज-करमा पर्व के दौरान विवाद सुलझाने और बेटी की विदाई कराने के नाम पर ससुराल पक्ष की ओर से करीब 10 से 20 हजार रुपये भी मंगवाए गए थे. आरोप है कि इसके बाद खस्सी का मांस खिलाने और अगले दिन पत्नी की विदाई करने की बात कहकर नीरज को दोबारा ससुराल बुलाया गया.
आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद नीरज के साले, ससुर और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की. परिजनों का दावा है कि मारपीट के बाद नीरज को गंभीर हालत में तुंगी हॉल्ट के पास रेलवे ट्रैक के किनारे छोड़ दिया गया.
परिजनों के मुताबिक, गंभीर हालत में नीरज ने किसी तरह फोन कर घरवालों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी और मदद की गुहार लगाई. इसके कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. बाद में रेलवे ट्रैक के किनारे उसका शव मिलने की जानकारी परिजनों को मिली.
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
वहीं, मृतक के साले भजन कुमार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. उसका कहना है कि वह पटना से गाड़ी चलाकर लौट रहा था, तभी उसे नीरज के साथ दुर्घटना होने की सूचना मिली. इसके बाद उसने अस्पताल और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन नीरज का पता नहीं चल सका.
भजन कुमार के अनुसार, अगले दिन सुबह वह थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे एक युवक की तस्वीर दिखाई. तस्वीर देखने के बाद उसने नीरज की पहचान की और घटना की जानकारी हुई.





