Bihar News : बिहार के नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद बुधवार रात हालात तनावपूर्ण हो गए। मृतक के परिजनों और कुछ लोगों ने शव को सड़क पर रखकर बख्तियारपुर-बिहारशरीफ मुख्य मार्ग (एनएच-20) को कई घंटे तक जाम कर दिया। इस दौरान टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया, कई वाहनों पर पथराव हुआ और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर को पुलिस ने पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है।
पुलिस वाहन से टक्कर में हुई थी युवक की मौत
जानकारी के अनुसार, महथवर बलबा गांव निवासी 23 वर्षीय प्रद्युम्न कुमार की पुलिस वाहन से बाइक की टक्कर होने के बाद मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच मृतक के ससुराल पक्ष के कुछ लोग गांव पहुंचे और शव को लेकर हरनौत स्थित जीडीएम कॉलेज के पास एनएच-20 पर पहुंच गए।
नौकरी दिलाने का दिया गया कथित आश्वासन
ग्रामीणों के मुताबिक, ससुराल पक्ष के साथ आए एक व्यक्ति ने स्वयं को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का नेता बताते हुए मृतक की पत्नी और परिजनों से सड़क जाम करने की बात कही। आरोप है कि उसने आश्वासन दिया कि आंदोलन करने पर सरकारी नौकरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रात नौ बजे शुरू हुआ हंगामा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब सात बजे से लोग सड़क पर जुटने लगे थे। रात करीब नौ बजे प्रदर्शन उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने दोनों लेन पर टायर जलाकर आवागमन पूरी तरह रोक दिया। करीब तीन घंटे तक बख्तियारपुर-बिहारशरीफ मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान कई वाहनों पर ईंट, पत्थर और कंकड़ फेंके गए, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने के बाद हरनौत, वेना, चेरो, कल्याणबिगहा, भागनबिगहा और गोखुलपुर थाना की पुलिस के अलावा पुलिस लाइन से बड़ी संख्या में जवान मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से एसडीपीओ, एसडीएम, बीडीओ और सीओ भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर भी ईंट-पत्थर से हमला किया, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने सड़क पर जल रहे टायरों की आग बुझाई, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया।
हवाई फायरिंग की चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा रही कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 12 से 15 राउंड हवाई फायरिंग की गई। हालांकि नालंदा पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई और देर रात तक सड़क पूरी तरह खाली करा दी गई।
एक पुलिसकर्मी की तबीयत बिगड़ी, महिला भी घायल
बवाल के दौरान तैनात क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) के एक पुलिसकर्मी की तबीयत बिगड़ने और उसके बेहोश होने की सूचना मिली। वहीं प्रदर्शन के दौरान एक महिला भी घायल हो गई, जिसका इलाज पुलिस की देखरेख में कराया गया।
वायरल तस्वीर पर पुलिस का स्पष्टीकरण
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल होने लगी, जिसमें दावा किया गया कि घायल प्रद्युम्न कुमार की गर्दन पर एक पुलिसकर्मी पैर रखे हुए है। इस तस्वीर को लेकर लोगों में आक्रोश भी बढ़ा। हालांकि नालंदा पुलिस ने स्पष्ट किया कि वायरल फोटो फर्जी और एडिटेड प्रतीत होती है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक कंटेंट की भी जांच की जा रही है।
उपद्रवियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि सड़क जाम, आगजनी, पथराव और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों की वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पहचान की जा रही है। कानून हाथ में लेने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।





