Bihar Crime News: बिहार के नालंदा के चंडी थाना क्षेत्र विशुनपुर गांव में पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने पहुंचे चचेरे ससुर ने दामाद की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. मारपीट में गंभीर रूप से घायल दिव्यांग सुरेश जमादार की इलाज के दौरान गुरुवार को मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गया. मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच कर रही है.
घटना के संबंध में हिलसा के प्रभारी डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि परिवार वालों ने गुरुवार को चंडी थाने की पुलिस को घटना की जानकारी दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. विवाद को सुलझाने के लिए सुरेश का चचेरा ससुर गांव आया था.
उन्होंने आगे कहा कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. इसके बाद मामला बढ़ गया और चचेरे ससुर ने लाठी-डंडे से सुरेश की पिटाई शुरू कर दी. मारपीट में सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजनों ने घायल सुरेश का इलाज कराया. इलाज के दौरान गुरुवार की सुबह उसकी मौत हो गई.
पीट-पीटकर मार डाला
इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम विशुनपुर गांव पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक जांच टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है. डीएसपी ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.





