MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित संजय सिनेमा पुल पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 33 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान सदर थाना क्षेत्र के पताही गांव निवासी लोकेश सिंह की पत्नी सोनी कुमारी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सोनी कुमारी छठ पूजा को लेकर खरीदारी करने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान संजय सिनेमा पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनके साथ मौजूद बच्चा हादसे में बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। छठ पूजा की खरीदारी के लिए निकली महिला की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना में शामिल वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है।





