Bihar Crime News: आज जब दुनिया विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है, लोग चांद और अंतरिक्ष तक पहुंच रहे हैं, वहीं बिहार के मुजफ्फरपुर से एक ऐसी घटना सामने आई है, जो समाज को सोचने पर मजबूर करती है. यहां अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर एक विवाहिता के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि ससुराल वालों ने घर में ओझा को बुलाकर पूजा कराई और महिला को पलंग से जंजीर बांधकर पीटा. मायका पक्ष ने तो महिला की बलि देने की तैयारी किए जाने का भी आरोप लगाया है.
मामला मोतीपुर थाना क्षेत्र के सिंगैला शंकर टोला गांव का है. पीड़िता की पहचान कविता कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात उसके ससुराल में ओझा को बुलाकर तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ कराया जा रहा था. इसी दौरान कविता के साथ मारपीट की गई और उसे जंजीर से बांधकर रखा गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
बेटी की हालत गंभीर बताकर मायके वालों को बुलाया
आरोप है कि घटना के बाद कविता के पति रितेश कुमार ने उसके मायके वालों को फोन किया और बताया कि उनकी बेटी की हालत बेहद गंभीर है. वह कभी भी मर सकती है. यह सुनते ही मायके पक्ष के लोग आनन-फानन में सिंगैला शंकर टोला पहुंचे.
मायके वालों का आरोप है कि वहां पहुंचते ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. पीड़िता के पिता सुभाष दास और भाई संतोष दास को लोहे के दबिया से मारने का आरोप है. हमले में पिता के सिर, कंधे और जांघ में गंभीर चोटें आईं, जबकि भाई भी घायल हो गया.
जंजीर से बांधकर विवाहिता की पिटाई, आठ लोग घायल
इस घटना में कविता कुमारी, उसके पिता, भाई समेत कुल आठ लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को पहले मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया.
घायलों में कविता कुमारी, उसके पिता सुभाष दास, भाई संतोष दास, दीपा कुमारी, रामकली देवी, अंकित कुमार, मीना देवी और बबलू कुमार शामिल हैं.
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि मंगलवार रात घर में ओझा को बुलाकर विशेष पूजा कराई जा रही थी. इसी दौरान विवाहिता को जंजीर से बांधकर पीटा गया. मायका पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराल वाले उसकी बलि देने की तैयारी कर रहे थे.
पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही ओझा और उसके साथ मौजूद एक अन्य महिला के मौके से फरार होने की बात भी सामने आई है. हालांकि, बलि देने की तैयारी किए जाने के आरोप की अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ओझा की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
नौ साल पहले हुई थी शादी, दहेज प्रताड़ना का भी आरोप
बताया जाता है कि करीब नौ साल पहले कविता की शादी सिंगैला गांव निवासी रितेश कुमार से हुई थी. मायके वालों का आरोप है कि शादी के एक साल बाद से ही घरेलू विवाद को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा था. उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी.
कविता ने भी आरोप लगाया है कि पति और ससुराल के अन्य सदस्य उसे मारकर फेंक देने की बात कहते थे. साथ ही पति की दूसरी शादी कराने की धमकी भी दी जाती थी. महिला ने दहेज की मांग को लेकर भी प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है.
पति, सास और देवर गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही मोतीपुर थानाध्यक्ष हेमंत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और कार्रवाई करते हुए पति रितेश कुमार, सास संगीता देवी और देवर सुबोध कुमार को गिरफ्तार कर लिया. तीनों के खिलाफ विवाहिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
डीएसपी पश्चिम-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि महिला के साथ मारपीट किए जाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है. पति, सास और देवर को गिरफ्तार कर लिया गया है. घर में ओझा बुलाकर पूजा कराए जाने की बात भी सामने आई है. महिला को बलि देने की तैयारी किए जाने के आरोप की जांच की जा रही है.





