Bihar Road Accident: मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में BCA की परीक्षा देने जा रही 25 वर्षीय छात्रा जुली कुमारी की मौत हो गई. वहीं बाइक चला रहे उसके पिता विजय कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा कांटी के नेता चौक सड़क मार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जुली की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतका जुली कुमारी साहेबगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी विजय कुमार यादव की पुत्री थी. विजय कुमार यादव साहेबगंज प्रखंड के वासुदेवपुर सराय में ग्राम कचहरी सचिव के पद पर कार्यरत हैं. सोमवार को वह अपनी बेटी को BCA की परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से मुजफ्फरपुर शहर जा रहे थे.
बताया गया कि विजय कुमार यादव अपनी बेटी जुली को बाइक पर बैठाकर परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे. इसी दौरान नेता चौक सड़क मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए. हादसे में जुली को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके पिता विजय कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गई. आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी. जानकारी मिलने के बाद डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची.
इसी दौरान कांटी के स्थानीय युवा पत्रकार प्रकाश कुमार और उनके सहयोगियों ने घायल विजय कुमार यादव को पुलिस की मदद से तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया.
जुली की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया. जिस बेटी को पिता परीक्षा दिलाने के लिए मुजफ्फरपुर लेकर जा रहे थे, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. हादसे की खबर के बाद परिवार के लोग घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए. जुली की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं उसके पिता की गंभीर हालत को लेकर भी परिवार की चिंता बढ़ गई है.
कांटी थानेदार रविकांत पाठक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवती की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. पुलिस ने दोनों की पहचान कर ली है और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
हादसे के बाद पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस की कोशिश अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर उसे पकड़ने की है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.





