MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे पतंग लूटने के लिए दौड़ते-दौड़ते एक खाली प्लॉट की चाहरदीवारी फांदकर अंदर कूद गए, जहां बारिश के पानी से भरा गहरा गड्ढा था। गड्ढे में डूबने से दोनों की मौत हो गई।
घटना मिठनपुरा थाना क्षेत्र के गोषाला रोड स्थित रामबाग आदर्श नगर मोहल्ले की है। मृतकों की पहचान राजा कुमार (9 वर्ष), पिता इंद्रजीत कुमार, और आदर्श कुमार (9 वर्ष), पिता लालबाबू कुमार सहनी के रूप में हुई है। राजा इसी मोहल्ले का निवासी था, जबकि आदर्श का परिवार किराये पर रहता था।
हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। दोनों की मां शव से लिपटकर बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस और नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। उनका कहना था कि मोहल्ले में जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
लोगों ने बताया कि वार्ड-46 में सड़क पर तीन से पांच फीट तक जलजमाव है। जिस प्लॉट में बच्चे गिरे, वहां आठ से दस फीट गहरा गड्ढा था। दोनों को डूबते देख 15 वर्षीय छात्रा कंचन कुमारी ने हिम्मत दिखाते हुए गड्ढे में छलांग लगाई और स्थानीय लोगों ने भी काफी कोशिश की, लेकिन बच्चों को बचाया नहीं जा सका।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि एसडीआरएफ की टीम समय पर नहीं पहुंची। बाद में एएसपी टाउन वन सुरेश कुमार और मिठनपुरा थानेदार संतोष कुमार पंकज ने परिजनों को समझाकर पोस्टमार्टम के लिए राजी किया। देर शाम शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।





