1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 08, 2026, 10:08:05 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो रिपोर्टर
MUNGER: मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर नगर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात, क्यू मैक्स पब्लिक स्कूल के समीप स्थित मां ट्रेडर्स छड़-सीमेंट दुकान से चोरों ने लाखों की संपत्ति चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकान की पीछे की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 15 बंडल सरिया, 5000 पीस रिंग, फैन बॉक्स, गल्ले में रखे लगभग 15 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज ले गए। चोरी की गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1 से 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
दुकानदार संतोष कुमार ने बताया कि वह शनिवार की शाम दुकान बंद करके घर चले गए थे। जब रविवार सुबह दुकान खोली, तो देखा कि पीछे की दीवार में बड़ा छेद था और दुकान से सामग्री गायब थी। घटना की सूचना मिलते ही खड़गपुर थाना पुलिस और डायल 112 टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। चोरी की इस घटना की गहन जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।
यह नगर क्षेत्र में लगातार तीसरी बड़ी चोरी है। इससे पहले मारवाड़ी टोला स्थित रानी सती मंदिर से चांदी के आभूषण और अनुमंडलीय अस्पताल परिसर से नल चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। लगातार हो रही इन चोरियों से नगरवासियों में भय का माहौल बना हुआ है और पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।