Bihar News: मुंगेर के जमालपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। स्टेशन के पूर्वी छोर पर बड़ी पुल के समीप तीन नंबर रेल पटरी पर खड़ा एक इलेक्ट्रिक इंजन अचानक लुढ़ककर पटरी से उतर गया। घटना सुबह करीब 10 बजे की है। संयोग रहा कि उस समय आसपास के मुख्य ट्रैक से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी और न ही कोई रेलकर्मी इसकी चपेट में आया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, अंडाल निर्मित इलेक्ट्रिक इंजन संख्या 12658 को स्टेशन के पूर्वी छोर पर तीन नंबर पटरी पर खड़ा किया गया था। इंजन को अपनी जगह स्थिर रखने के लिए उसके पहियों के नीचे गुटका भी लगाया गया था। इसके बावजूद बगल से गुजर रही मालगाड़ी के कंपन के कारण इंजन धीरे-धीरे लुढ़कने लगा और पटरी से नीचे उतर गया।
जिस स्थान पर यह घटना हुई, उसके समीप से मेल-एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का नियमित परिचालन होता है। ऐसे में इंजन का पटरी से उतरना बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था। हालांकि, गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी।
इंजन के पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) की टीम को मौके पर बुलाया गया। सूचना मिलते ही सीनियर डीएमई डीजल केके दास, स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर सुजीत यादव समेत विभिन्न विभागों के रेलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे।
इसके बाद इंजन को दोबारा पटरी पर चढ़ाने के लिए राहत एवं बहाली कार्य शुरू किया गया। एआरटी टीम और रेलकर्मियों ने करीब चार घंटे तक मशक्कत की। इसके बाद इंजन को सुरक्षित तरीके से वापस पटरी पर चढ़ाया जा सका।
इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और इंजन को खड़ा करने के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पहियों के नीचे गुटका लगाए जाने के बावजूद इंजन कैसे लुढ़क गया? क्या गुटका लगाने में मानवीय लापरवाही हुई या मालगाड़ी के कंपन के कारण इंजन अपनी जगह से खिसक गया?
फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों का पता विभागीय जांच के बाद ही चल सकेगा। हालांकि, व्यस्त रेलखंड पर इस तरह की घटना ने सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर रेलवे की जांच रिपोर्ट पर टिकी है।





