MUNGER: मुंगेर में छठ पर्व के दौरान बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया है। बिहार पुलिस के जवान का परिवार छठ मनाने जमुई गया हुआ था, इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोर शादी में मिले सोने-चांदी के जेवरात और कीमती कांसे के बर्तन लेकर फरार हो गए। घटना असरगंज थाना क्षेत्र के रहमतपुर बासा की है। चोरी की वारदात सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
दरअसल, रहमतपुर बासा निवासी साजन कुमार बिहार पुलिस में कार्यरत हैं और फिलहाल जमुई जिले में तैनात हैं। छठ पर्व मनाने के लिए उनकी पत्नी और बच्चे घर में ताला लगाकर जमुई गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने अलमारी और पलंग के बॉक्स में रखे सामान को खंगाल डाला।
मंगलवार सुबह जब परिवार के लोगों को घर के पीछे का ताला टूटा हुआ मिला, तो वे अंदर पहुंचे। घर में सामान बिखरा पड़ा था और पलंग का बॉक्स भी खुला हुआ था। जांच करने पर पता चला कि शादी में मिले सोने-चांदी के जेवरात, कांसे के कीमती बर्तन और अन्य सामान चोरी हो चुके हैं। चोरी गई संपत्ति की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही असरगंज थानाध्यक्ष विपुल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से दो टूटे हुए ताले बरामद किए हैं। चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पीड़ित परिवार की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।
मुंगेर के असरगंज में छठ मनाने जमुई गए बिहार पुलिस के जवान के बंद घर में चोरी हो गयी। शादी में मिले सोने-चांदी के जेवर, कांसे के बर्तन समेत लाखों की संपत्ति पर चोरों ने हाथ साफ किया। पुलिस, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
मुंगेर से मो. इम्तियाज की रिपोर्ट





