Bihar Crime News: मोतिहारी में शराब तस्करी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया. नगर थाना क्षेत्र के तेलिया पट्टी वार्ड संख्या-19 में शनिवार देर रात शराब तस्करी को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी. आरोप है कि बड़े भाई ने धारदार हथियार से छोटे भाई का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है.
मृतक की पहचान स्वर्गीय काली प्रसाद के 22 वर्षीय पुत्र अनुराग कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पिता की मौत के बाद दोनों भाई एक साथ रह रहे थे. इसी दौरान बड़े भाई गुरूर के कथित रूप से शराब तस्करी के धंधे में शामिल होने की बात सामने आई. अनुराग इसका लगातार विरोध करता था, जिसको लेकर दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
शनिवार देर रात भी शराब तस्करी को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक झड़प तक पहुंच गया. आरोप है कि इसी दौरान बड़े भाई ने धारदार हथियार से अनुराग पर हमला कर दिया. हमले में अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.
सुबह खून से सना शव देखकर मची अफरा-तफरी
रविवार सुबह परिजनों और पड़ोसियों ने अनुराग का शव घर में खून से सना हुआ देखा. इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई. घटना की जानकारी तुरंत नगर थाना पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटनास्थल से पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं.
पुलिस ने आरोपी भाई को किया गिरफ्तार
नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि भाई-भाई के बीच विवाद में हत्या की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई. त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के जरिए हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.




