Bihar Crime News: मधुबनी के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है. कुख्यात महिला तस्कर हीरा महासेठ उर्फ चाची की गिरफ्तारी के बाद अब खौना निवासी राजा व्यार को नेपाली प्रहरी ने 13 लाख नेपाली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया है. उसकी गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके कथित नेटवर्क और चाची सिंडिकेट से जुड़े संभावित संपर्कों की जांच में जुट गई हैं.
बताया जा रहा है कि राजा व्यार दवा कारोबार की आड़ में भारत और नेपाल के बीच अवैध कारोबार करता था. उस पर नशीली दवाओं की बिक्री से जुड़े होने का भी आरोप है. सुरक्षा एजेंसियां अब उसके कारोबार और सीमा पार आने-जाने वाले संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं.
सूत्रों के अनुसार, राजा व्यार लंबे समय से नेपाली मुद्रा की अवैध अदला-बदली के कारोबार में सक्रिय था. उसकी गिरफ्तारी के बाद एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके पास इतनी बड़ी मात्रा में नेपाली करेंसी कहां से आई और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था.
चाची सिंडिकेट से कनेक्शन की जांच
सुरक्षा एजेंसियां राजा व्यार की गिरफ्तारी को हीरा महासेठ उर्फ चाची से जुड़े कथित सिंडिकेट की जांच से भी जोड़कर देख रही हैं. उसके संबंध चाची के परिवार से जुड़े राजीव महासेठ के कारोबार से होने की आशंका जताई जा रही है.
हालांकि, राजा व्यार और चाची के सिंडिकेट के बीच सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. एजेंसियां उसके मोबाइल फोन, कारोबार और संपर्कों की जांच के जरिए इस कड़ी को समझने की कोशिश कर रही हैं.
चाची के मोबाइल से मिले थे कई सुराग
सूत्रों के मुताबिक, हीरा महासेठ उर्फ चाची की गिरफ्तारी के बाद उसके मोबाइल फोन की जांच में कई कारोबारियों और संदिग्ध लोगों के नाम सामने आए थे. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बासोपट्टी बाजार समेत सीमा क्षेत्र में सक्रिय कई कारोबारियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की थी.
जांच के दौरान कुछ कारोबारियों के मुद्रा की अदला-बदली और दवा तस्करी से जुड़े नेटवर्क में शामिल होने की आशंका भी सामने आई है. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
राजा व्यार की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पार सक्रिय नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की गतिविधियों पर भी निगरानी बढ़ा दी है. नेपाली प्रहरी के साथ भारतीय सुरक्षा एजेंसियां भी इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं.
जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि सीमा क्षेत्र में चल रहे कथित तस्करी नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियां कैसे संचालित होती हैं और इसमें कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं. साथ ही भारत और नेपाल के बीच होने वाले कथित अवैध लेनदेन और संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है.
13 लाख नेपाली करेंसी बरामद होने के बाद राजा व्यार से पूछताछ के आधार पर जांच एजेंसियां उसके संपर्क में रहे अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं. आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां या कार्रवाई हो सकती है.





