MADHUBANI: बिहार के मधुबनी में फाइनेंस कंपनी के एक मैनेजर के अपहरण का मामला सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज चार घंटे के भीतर अपहृत मैनेजर राहुल रंजन को मोतिहारी से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, इस अपहरण में मैनेजर की शादीशुदा प्रेमिका के पति, जीजा और अन्य परिजन शामिल थे। मामले में प्रेमिका समेत सात लोगों को हिरासत में लिया गया है।
बेनीपट्टी बाजार से किया गया था अपहरण
घटना बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बेनीपट्टी बाजार की है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम स्कॉर्पियो सवार सात लोगों ने फाइनेंस कंपनी के मैनेजर राहुल रंजन का अपहरण कर लिया। घटना की खबर फैलते ही बेनीपट्टी बाजार और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने की कार्रवाई
अपहरण की सूचना मिलते ही एसएसपी योगेंद्र कुमार के निर्देश पर बेनीपट्टी डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपहरण के करीब चार घंटे बाद मैनेजर को मोतिहारी जिले से बरामद कर लिया।
प्रेम प्रसंग में अपहरण की आशंका
पुलिस के अनुसार, मैनेजर राहुल रंजन की एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि मैनेजर महिला को उसके पति से दूर ले जाकर दूसरी जगह छिपाकर रखे हुए था। इसी विवाद के चलते महिला के पति, जीजा और परिजनों पर अपहरण में शामिल होने का आरोप है।
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि अपहरण में शामिल लोग मैनेजर की प्रेमिका के परिजन हैं। महिला मूल रूप से समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपहरण के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
मधुबनी से कुमार गौरव की रिपोर्ट
प्रेमिका के पति और जीजा ने किया मैनेजर का अपहरण! मोतिहारी से 4 घंटे में बरामद
मधुबनी के बेनीपट्टी बाजार से फाइनेंस कंपनी के मैनेजर राहुल रंजन का स्कॉर्पियो सवार 7 लोगों ने अपहरण कर लिया। पुलिस ने 4 घंटे के भीतर उन्हें मोतिहारी से बरामद कर लिया। मामले में शादीशुदा प्रेमिका के पति और जीजा समेत 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

© सोशल मीडिया
Jitendra Vidyarthi
2 मिनट




