MADHUBANI:बिहार के मधुबनी जिले में दुर्गा पूजा के दौरान प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी का मामला सामने आया है। जयनगर थाना क्षेत्र के दुल्लीपट्टी में दुर्गा पूजा कमिटी की ओर से कथित तौर पर आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बार-बालाओं ने जमकर डांस किया। कार्यक्रम में डीजे बजाने की बात भी सामने आई है। इस आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शांति समिति की बैठक में दिए गए थे सख्त निर्देश
दरअसल, मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा और वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने जिला शांति समिति की बैठक में दुर्गा पूजा कमिटियों को आर्केस्ट्रा का आयोजन नहीं करने और डीजे नहीं बजाने की सख्त हिदायत दी थी। प्रशासन ने ध्वनि प्रदूषण से होने वाली परेशानियों का भी ध्यान रखने को कहा था। तेज आवाज के कारण आम लोगों को परेशानी होती है और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई पर नजर
इसके बावजूद दुल्लीपट्टी में मुख्य सड़क के किनारे आयोजित कार्यक्रम में डीजे और बार-बालाओं के डांस का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कथित तौर पर अश्लील डांस किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
अब इस मामले में प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं। यह भी देखना होगा कि संबंधित पूजा कमिटी के खिलाफ प्रशासन कोई कदम उठाता है या नहीं।
मधुबनी से कुमार गौरव की रिपोर्ट





