MADHUBANI: मधुबनी की बासोपट्टी थाना पुलिस ने उछाल गांव में दिनदहाड़े हुई करीब 50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी मामले का खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को विधिवत हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, उछाल गांव निवासी राहुल कुमार सिंह ने 22 जून को बासोपट्टी थाना में करीब 50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष कार्तिक भगत के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि चोरी की घटना में घर के किसी सदस्य की संलिप्तता हो सकती है। इसके बाद तकनीकी अनुसंधान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस गृहस्वामी के नाबालिग भतीजे तक पहुंची। पूछताछ में मामले का खुलासा हुआ कि चोरी की पूरी साजिश नाबालिग भतीजे ने ही रची थी।
जयनगर के डीएसपी सदानंद कुमार ने बासोपट्टी थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने इस मामले में जयनगर के गायत्री मंदिर निवासी छोटू अली और राजेश ठाकुर को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी का एक सोने जैसा हार, 80 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन तथा ऑनलाइन लेन-देन में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद करीब 1.13 लाख रुपये का ऑनलाइन लेन-देन किया गया था, जिसके लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष कार्तिक भगत, एसआई बबून रविदास तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।





