Bihar Crime News: बिहार के कटिहार जिले से सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक को सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की चाहत इतनी भारी पड़ी कि उसे जेल जाना पड़ा. आरोप है कि युवक ने अपनी ही पत्नी का आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बिना उसकी अनुमति के सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
मामला सामने आने के बाद पीड़ित पत्नी ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
जानकारी के अनुसार मनिहारी क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने उसकी जानकारी और सहमति के बिना निजी वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दीं. जब उसे इस बात की जानकारी मिली तो वह हैरान रह गई और मामले की शिकायत पुलिस से की.
साइबर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान साइबर डीएसपी आसिफ आलम ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की. जांच में मिले सबूतों के आधार पर आरोपी पति की पहचान हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में उठाया गलत कदम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सोशल मीडिया पर ज्यादा लोकप्रियता और लोगों का ध्यान खींचने के लिए यह कदम उठाया था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी का मकसद सोशल मीडिया पर फेम हासिल करना था, लेकिन उसका यह कदम कानून के दायरे में गंभीर अपराध बन गया.
पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पंचायत में तलाक होने का किया दावा
जांच के दौरान आरोपी ने यह भी दावा किया कि पंचायत के जरिए उसका पत्नी से पहले ही तलाक हो चुका था. हालांकि पुलिस ने साफ किया कि किसी भी व्यक्ति की निजी तस्वीर या वीडियो उसकी अनुमति के बिना सार्वजनिक करना अपराध है. रिश्ते की स्थिति चाहे जो भी हो, किसी की निजता भंग करने पर कानूनी कार्रवाई तय है. बताया जा रहा है कि दोनों की शादी साल 2023 में हुई थी.
साइबर डीएसपी ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स, लाइक या लोकप्रियता के लिए किसी की निजी जानकारी, फोटो या वीडियो साझा न करें. उन्होंने कहा कि ऐसी हरकत किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ गंभीर कानूनी परेशानी भी खड़ी कर सकती है.
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.



