Bihar Crime News: बिहार के कैमूर जिले में सरकारी अधिकारी बनकर सोना कारोबारी के कर्मचारी से करीब दो किलो सोना ठगने के मामले में रेल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के पास हुई इस वारदात में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से ठगी किए गए सोने में से 612 ग्राम बरामद किया गया है. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और बाकी सोने की तलाश में जुटी है.
मामला भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के पास का है. इस संबंध में उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी कारोबारी संजय कुमार खंडेलवाल ने रेल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि उनका एक कर्मचारी कोलकाता से ट्रेन के जरिए वापस लौट रहा था. इसी दौरान भभुआ रोड स्टेशन के पास कुछ लोग उसके पास पहुंचे और खुद को सरकारी पदाधिकारी बताकर उसे अपने झांसे में ले लिया.
आरोपितों ने सरकारी अधिकारी होने का परिचय देकर कर्मचारी के पास मौजूद करीब दो किलो सोना अपने कब्जे में ले लिया और मौके से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद कारोबारी ने रेल थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया. इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने आरोपितों की तलाश में छापेमारी शुरू की. पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपितों के पास से 612 ग्राम सोना बरामद किया गया है. रेल पुलिस अब बरामद सोने के अलावा बाकी सोने का पता लगाने में जुटी है.
मामले की जानकारी देते हुए रेल डीएसपी गुलशन कुमार ने बताया कि कारोबारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की थी. जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से 612 ग्राम सोना भी बरामद हुआ है.
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है. साथ ही इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस शेष सोने की बरामदगी को लेकर भी जांच कर रही है.





