Bihar News: डॉक्टरों के साथ लगातार हो रही मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटनाओं के विरोध में बिहार राज्य स्वास्थ्य संघ (भासा) के आह्वान पर कैमूर जिले के सदर अस्पताल भभुआ सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों ने एकदिवसीय ओपीडी सेवा का बहिष्कार किया। ओपीडी बंद रहने से सामान्य मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जबकि गंभीर मरीजों के लिए इमरजेंसी सेवाएं पहले की तरह जारी रहीं।
भासा के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रवींद्रजन प्रकाश ने बताया कि अरवल में सिविल सर्जन के साथ धक्का-मुक्की और मोहनिया में एक डॉक्टर के साथ मारपीट की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा नहीं होने के कारण डॉक्टरों में भारी आक्रोश है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार से लगातार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसी के विरोध में चिकित्सकों ने सांकेतिक रूप से ओपीडी सेवाएं बंद रखकर अपना विरोध दर्ज कराया।
डॉक्टरों की प्रमुख मांग है कि अरवल और मोहनिया की घटनाओं के दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा सभी सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भासा के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो संगठन आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगा।





