PATNA: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार आज पटना के इस्कॉन मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंत्री निशांत कुमार श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने हाथ में माइक थामा और मंदिर में भजन गाने लगे। उनके साथ मंदिर में मौजूद श्रद्धालु भी भजन-कीर्तन में शामिल हो गए। इस दौरान उन्होंने युवाओं से नशे और तंबाकू से दूर रहने की अपील की।
युवाओं से नशे और तंबाकू से दूर रहने की अपील
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि जीवन ईश्वर की देन है और इसे नशे की लत में बर्बाद नहीं करना चाहिए। उन्होंने बिहार के युवाओं से ड्रग्स, गांजा, शराब, सिगरेट और तंबाकू का सेवन नहीं करने की अपील की। कहा कि पढ़ाई और करियर पर ध्यान दें तभी बेहतर भविष्य बनेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के पास आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त समय और ऊर्जा है। इस ऊर्जा का इस्तेमाल सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में किया जाना चाहिए।
'आपकी जान बहुत कीमती है'
निशांत कुमार ने कहा कि किसी भी तरह का नशा स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि उनकी जिंदगी बहुत कीमती है और नशे की वजह से इसे खतरे में नहीं डालना चाहिए। उन्होंने पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार और अनुशासन को भी जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
तंबाकू से होने वाले नुकसान पर जताई चिंता
स्वास्थ्य मंत्री ने तंबाकू के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य नुकसान पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तंबाकू कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है और इससे कैंसर का खतरा भी बढ़ता है। उन्होंने युवाओं से शुरुआत से ही नशे और तंबाकू से दूरी बनाए रखने की अपील की। निशांत कुमार ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने पर ध्यान देने का संदेश दिया।
जन्माष्टमी के अवसर पर पटना के इस्कॉन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे। इसी दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। मंत्री निशांत कुमार ने भगवान कृष्ण से प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।





