Bihar News: रोहतास के कोचस में जन्माष्टमी के दिन एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई. भगवान श्रीकृष्ण के गेटअप में सजे बच्चे ने गले में पहनी मोतियों की माला से एक मोती निगल लिया. मोती सांस की नली में फंस गया, जिससे उसकी सांस लेने में परेशानी होने लगी. परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना कोचस थाना क्षेत्र की नरवर पंचायत के भगीरथा गांव की है. मृतक की पहचान विमलेश यादव के छह वर्षीय पुत्र आर्यन यादव के रूप में हुई है. विमलेश यादव भगीरथा गांव में किराये के मकान में रहकर मशरूम उत्पादन का काम करते हैं और अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं.
जानकारी के अनुसार, जन्माष्टमी के अवसर पर परिवार ने आर्यन को भगवान श्रीकृष्ण के रूप में सजाया था. बच्चे को गले में मोतियों की माला पहनाई गई थी. इसी दौरान आर्यन ने माला का एक मोती निगल लिया. मोती के अंदर चले जाने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी.
परिजन आनन-फानन में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोचस लेकर पहुंचे. अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने बच्चे का इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर थी. इलाज के दौरान आर्यन की मौत हो गई.
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि बच्चे की सांस की नली में मोती का दाना फंस गया था. इसके कारण उसकी श्वसन प्रणाली बाधित हो गई और वह सांस नहीं ले सका. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
अस्पताल कर्मियों के अनुसार, बच्चे की मौत के बाद परिजन शव लेकर वहां से चले गए. आर्यन के परिवार का स्थायी पता फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है.
जिस दिन परिवार ने अपने मासूम बच्चे को श्रीकृष्ण के रूप में सजाकर जन्माष्टमी की खुशियां मनाई थीं, उसी दिन उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं मासूम की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है.





