ब्रेकिंग
बिहार के संस्कृत कॉलेजों के शिक्षकों-कर्मियों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, नौकरी रहेगी बरकरार, तीन महीने में मिलेगा बकाया वेतन✦शादी का झांसा देकर 4 साल तक किया गंदा काम, पटना एम्स के डॉक्टर पर गंभीर आरोप; थाने पहुंचा मामला✦नीतीश सेतु के नामकरण पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने उठाए सवाल; पूछा- गुरु गोविन्द सिंह के नाम पर प्रस्तावित पुल का नाम क्यों बदला?✦बिहार के 10 शिक्षकों को डीईओ का नोटिस, 24 घंटे में देना होगा जवाब, नहीं तो होगी विभागीय कार्रवाई✦Nitish Setu: नीतीश सेतु के नामकरण पर क्यों मचा था सियासी घमासान? ललन सिंह ने बताया किसके कहने पर PM मोदी ने रखा नाम✦बिहार के संस्कृत कॉलेजों के शिक्षकों-कर्मियों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, नौकरी रहेगी बरकरार, तीन महीने में मिलेगा बकाया वेतन✦शादी का झांसा देकर 4 साल तक किया गंदा काम, पटना एम्स के डॉक्टर पर गंभीर आरोप; थाने पहुंचा मामला✦नीतीश सेतु के नामकरण पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने उठाए सवाल; पूछा- गुरु गोविन्द सिंह के नाम पर प्रस्तावित पुल का नाम क्यों बदला?✦बिहार के 10 शिक्षकों को डीईओ का नोटिस, 24 घंटे में देना होगा जवाब, नहीं तो होगी विभागीय कार्रवाई✦Nitish Setu: नीतीश सेतु के नामकरण पर क्यों मचा था सियासी घमासान? ललन सिंह ने बताया किसके कहने पर PM मोदी ने रखा नाम

जमुई में बाइक के हॉर्न पर बवाल! साथी को छुड़ाने के लिए दो राउंड फायरिंग, ग्रामीणों ने 3 युवकों को दौड़ाकर पकड़ा

बिहार के जमुई में बाइक के हॉर्न को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। प्रतापपुर गांव में ग्रामीणों ने भाग रहे तीन युवकों को पकड़ लिया। पिटाई में एक की छाती में फ्रैक्चर हो गया, जिसे पटना रेफर किया गया है।

जमुई में बाइक के हॉर्न पर बवाल! साथी को छुड़ाने के लिए दो राउंड फायरिंग, ग्रामीणों ने 3 युवकों को दौड़ाकर पकड़ा
Tejpratap
Tejpratap
6 मिनट

जमुई: बिहार के जमुई में एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। बात इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट से होते हुए गोलीबारी तक पहुंच गया। गोली चलने की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे तीन युवकों को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने तीनों की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना में एक युवक की छाती में फ्रैक्चर हो गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है।

घटना जमुई टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव की है। गांव के शिव मंदिर के सामने दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। शुरुआती विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों पर मारपीट और गोलीबारी करने का आरोप लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

बाइक के हॉर्न से शुरू हुआ विवाद, फिर बिगड़ गई बात

मिली जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर गांव निवासी कपिल यादव सेंट्रल जेल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के शिव मंदिर के पास तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। कपिल यादव का आरोप है कि युवकों ने उनकी बाइक लूटने की कोशिश की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई।

इसी बीच आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को अपनी ओर आता देखकर तीनों युवक वहां से भागने लगे। आरोप है कि भागने के दौरान दो युवकों ने मड़वा पहाड़ की तरफ गोलीबारी शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने भी उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

एक युवक पहले पकड़ा गया, दो को खेतों में दौड़ाकर दबोचा

भागने के दौरान ग्रामीणों ने एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। वहीं, उसके दो साथी वहां से निकलकर सोनय मड़वा होते हुए ढंड गांव की ओर भागने लगे। इसकी सूचना डायल 112 की पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर दोनों युवकों का पीछा किया।

मड़वा पहाड़ के पास ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी संतोष कुमार ने बताया कि युवकों के भागने और गोली चलाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से खेतों में पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, ग्रामीणों की ओर से पकड़े जाने के बाद तीनों युवकों की जमकर पिटाई की गई। पुलिस ने किसी तरह उन्हें भीड़ से बचाकर अस्पताल पहुंचाया।

पानी में गिर गया देसी कट्टा, पुलिस को नहीं मिला खोखा

इस मामले में गिरफ्तार युवकों की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के काकन बेलदरिया गांव निवासी महेश चौहान के पुत्र प्रेम कुमार, काकन गांव निवासी सचिन कुमार और ढंड गांव निवासी सकिन्द्र राम के पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है।पूछताछ के दौरान युवकों की ओर से बताया गया कि वे कुंदर डैम की तरफ से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक बाइक का हॉर्न बजाया गया। हॉर्न की आवाज नहीं सुन पाने के कारण कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।

आरोपियों के मुताबिक, इस दौरान प्रेम कुमार को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। अपने साथी को छुड़ाने के लिए सचिन कुमार ने कथित तौर पर दो राउंड फायरिंग की और वहां से भागने लगा। भागने के दौरान सचिन पानी से भरे एक गड्ढे में गिर गया। इसी दौरान उसके पास मौजूद देसी कट्टा भी पानी में गिर गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद टाउन थाना के दरोगा विक्रम सिंह, विशाल कुमार, सुनील शाह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर हथियार और गोली के खोखे की तलाश की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद न तो हथियार मिला और न ही कोई खोखा बरामद हो सका।

ग्रामीणों की पिटाई से प्रेम कुमार की हालत गंभीर

पुलिस ने तीनों युवकों को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल पहुंचाया। जांच के दौरान प्रेम कुमार की छाती में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई। उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सचिन कुमार और प्रेम कुमार पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। ग्रामीण गनौरी यादव के मुताबिक, कुछ महीने पहले कपिल यादव के भाई बंटी यादव के साथ भी छिनतई की कोशिश की गई थी। उस मामले में सचिन महतो और प्रेम कुमार के जेल जाने की बात कही गई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

एसपी बोले- दोनों घटनाओं की हो रही जांच

पूरे मामले पर जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि जिले में गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। लखन धनामा गांव में हार्वेस्टिंग मशीन को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई थी, जिसमें एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, प्रतापपुर गांव के पास भी गोलीबारी की घटना हुई है। एसपी ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद करना और गोलीबारी की वास्तविक वजह का पता लगाना है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना बाइक लूटने के प्रयास से शुरू हुई थी या फिर हॉर्न को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।