1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 28, 2026, 3:01:38 PM
- फ़ोटो
Bihar Crime News : जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में एक रिसेप्शन पार्टी के दौरान आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। कार्यक्रम के बीच चली गोली का छर्रा मंच पर प्रस्तुति दे रही नेपाल की एक महिला डांसर को लग गया, जिससे वह घायल हो गई। घायल डांसर को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल, जमुई लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोहरा गांव निवासी सतीश महतो के पुत्र के रिसेप्शन समारोह में आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। शादी समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण और मेहमान मौजूद थे। रात में जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, माहौल उत्साहपूर्ण होता गया और कुछ युवक हथियार लहराते हुए डांस करने लगे। इसी दौरान हर्ष फायरिंग की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग के दौरान चली गोली का एक छर्रा मंच पर डांस कर रही महिला कलाकार को जा लगा। अचानक हुई इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आयोजकों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल डांसर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि चोट मामूली है और घबराने की बात नहीं है।
घायल महिला डांसर की पहचान पूनम कुमारी, पिता पप्पू सिंह, निवासी पोखरा, नेपाल के रूप में हुई है। वह लखीसराय की आर्केस्ट्रा टीम के साथ कार्यक्रम में प्रस्तुति देने आई थीं। टीम के अन्य सदस्यों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अचानक हुई फायरिंग से सभी कलाकार सहम गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्यक्रम स्थल से दूल्हा समेत कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ युवक अवैध हथियार लेकर कार्यक्रम में पहुंचे थे और नशे की हालत में फायरिंग कर रहे थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हथियार लाइसेंसी थे या अवैध।
सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि देर रात लोहरा गांव में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान एक नर्तकी के घायल होने की सूचना मिली थी। जांच के क्रम में यह स्पष्ट हुआ है कि हर्ष फायरिंग के दौरान छर्रा लगने से वह मामूली रूप से घायल हुई हैं। फिलहाल तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि शादी-ब्याह में हर्ष फायरिंग की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन प्रशासन की सख्ती के बावजूद लोग बाज नहीं आ रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिरकार समारोहों में हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन कब तक चलता रहेगा।फिलहाल घायल डांसर की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और अस्पताल से छुट्टी देने की तैयारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।