JAMUI: जमुई जिला के मलयपुर थाना क्षेत्र के कटौना मोड़ के पास शनिवार की देर शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे नो एंट्री में खड़े ट्रक से पीछे से जोरदार टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के निजुआरा गांव निवासी उमेश सिंह के पुत्र प्रियांशु कुमार और मुंगेर निवासी गोपाल सिंह के पुत्र साहिल कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों आपस में रिश्ते के भाई हैं। दोनों नुमर गांव स्थित अपनी नानी के घर आए हुए थे। शनिवार की देर शाम बाइक से अपने घर निजुआरा लौट रहे थे। इसी दौरान कटौना मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए। इनमें प्रियांशु कुमार की हालत अधिक गंभीर बताई जा रही है।
खड़े ट्रक और अंधेरे से लगातार हो रहे हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि कटौना मोड़ के पास नो एंट्री में ट्रक सड़क किनारे ही खड़े कर दिए जाते हैं। वहीं, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात में दूर से ट्रक दिखाई नहीं देते। खासकर तेज रफ्तार से आने वाले बाइक सवार अचानक सामने खड़े वाहनों को देखकर संभल नहीं पाते और दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार ठंड के मौसम में कुहासा बढ़ने के साथ यह समस्या और गंभीर हो जाती है। सड़क पर खड़े ट्रकों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से कटौना मोड़ और नो एंट्री स्थल पर पर्याप्त लाइट लगाने तथा सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े ट्रकों पर रोक लगाने की मांग की है। इधर, पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।





