JAMUI: जमुई के लछुआड़ थाना क्षेत्र के नवाबगंज गांव में शनिवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के बरामदे में फंदे से लटकता मिला। मृतका की पहचान गांव निवासी धनराज महतो की 30 वर्षीय पत्नी प्रेमलता देवी के रूप में हुई है। वह जीविका समूह से जुड़ी थीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें महिला ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात प्रेमलता देवी ने अपने पति और बच्चों को कमरे में बंद कर दिया था। इसके बाद वह घर के बरामदे में चली गईं। शनिवार सुबह उनका शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सुसाइड नोट में किसी को नहीं ठहराया जिम्मेदार
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें प्रेमलता देवी ने लिखा है कि उन्होंने यह कदम अपनी मर्जी से और पूरे होशो-हवास में उठाया है। उन पर किसी तरह का दबाव नहीं था और न ही किसी ने उन्हें प्रताड़ित किया था। उन्होंने अपनी जीने की इच्छा खत्म होने की बात लिखते हुए मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को बेगुनाह बताया है। साथ ही किसी को भी अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराने की अपील की है।
बताया जाता है कि धनराज महतो की शादी करीब 15 वर्ष पहले नवादा जिले के बड़ी गुलनी गांव की रहने वाली प्रेमलता देवी से हुई थी। मृतका के रिश्तेदार पंकज कुमार ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच कभी किसी तरह का विवाद नहीं रहा। घटना की जानकारी प्रेमलता के पति धनराज ने ही परिजनों को दी थी।
पुलिस ने दर्ज किया यूडी केस
घटना की सूचना मिलते ही लछुआड़ थानाध्यक्ष रूपेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें किसी के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
फिलहाल प्रेमलता देवी की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।





