DELHI: ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के खिलाफ दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की बैठक हुई। जिसमें 20 विपक्षी दल के नेता शामिल हुए। इस दौरान SIR और चुनाव के मुद्दे पर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला और आगे की रणनीति तय की।
दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में करीब 3 घंटे तक इंडिया गठबंधन की बैठक हुई। जिसके कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से बातचीत की और इस दौरान मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा।
खड़गे ने कहा कि चुनाव आयोग कठपुतली की तरह काम कर रहा है। पीएम मोदी और अमित शाह चुनाव आयोग के साथ 'गुड़िया के खेल' जैसा बर्ताव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने युवाओं, INDIA ब्लॉक के सदस्यों, NGO और सिविल सोसाइटी के सदस्यों को 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर के बीच 'लोकतंत्र बचाओ' कार्यक्रम आयोजित करने का काम सौंपा है।
खड़गे ने इंडिया ब्लॉक के आगे का प्लान बताते हुए कहा कि 2 से 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर लोकतंत्र बचाओ मार्च और डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। 06 अक्टूबर को सभी विपक्षी सांसद चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च करेंगे। अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में विपक्षी नेता भारत के राष्ट्रपति से मुलाकात का समय लेंगे। जिसके बाद अगले कार्यक्रम के दौरान 5 बड़ी रैलियां आयोजित की जाएगी।
इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हम सब मिलकर लड़ेंगे। एक नवंबर को विपक्ष की बड़ी रैली होगी। बता दें कि इंडिया गठबंधन की बैठक में कुछ नेता वर्चुअली भी जुड़े और अपने बातें रखी। उद्धव ठाकरे और हेमंत सोरेन ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरीये अपनी बातें रखी।





