GOPALGANJ:बिहार के गोपालगंज से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां गैस सिलेंडर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सफियाबाद गांव में हुए इस हादसे में कुल 17 लोग झुलस गए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएम समीर सौरभ अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी घायलों की समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
घटना गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सफियाबाद गांव का है, जहां गैस सिलेंडर में आग लगने से कई लोग इसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रेमनाथ मांझी के घर नया गैस सिलेंडर लाया गया था। बताया जा रहा है कि सिलेंडर का रेगुलेटर लगाने के दौरान कुछ समस्या हुई, जिसके बाद गैस का रिसाव होने लगा और सिलेंडर में आग लग गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
इस हादसे में कुल 17 लोग झुलस गए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें दो लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद अस्पताल में घायलों के परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि प्रशासन की ओर से घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल में डॉक्टरों और पैरामेडिकल टीम को इलाज में लगाया गया है।
डीएम ने लोगों से अपील की है कि अस्पताल में अनावश्यक भीड़ न लगाएं, क्योंकि इससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है और मरीजों के इलाज में भी परेशानी हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के साथ केवल उनके निकटतम परिजन ही अस्पताल में रहें, ताकि चिकित्सकीय व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।
फिलहाल, सभी घायलों का इलाज जारी है। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि गैस सिलेंडर में आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी?
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट





