BEGUSARAI: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के आंदोलन के बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बड़ा हमला बोला है। विपक्ष पर हमला बोलते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि केंद्र में बीजेपी की सरकार बने 12 साल हो गए, लेकिन राहुल गांधी से लेकर कम्युनिस्ट पार्टी तक किसी में हिम्मत नहीं हुई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भ्रष्टाचार का कोई एक दाग लगा दे।
गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग 12 साल से उम्मीद लगाए बैठे रहे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई ठोस आरोप नहीं लगा सके। वहीं उन्होंने कांग्रेस के 10 साल के शासन को भ्रष्टाचार, भ्रष्टाचारियों और विवादों से घिरा हुआ बताया।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि "अभी विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। SIR को लेकर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव महीनों घूमते रहे और कहते रहे कि इतने लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए।" उन्होंने विपक्ष पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी चिंता देश के विकास से ज्यादा वोट के अधिकार को लेकर है।
गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि "इनकी चिंता है कि बांग्लादेशियों को वोट का अधिकार मिले और मुसलमानों के नाम मतदाता सूची में बने रहें। ये लोग मुसलमान प्रेमी और बांग्लादेशी प्रेमी हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माच्छर की तारीफ को लेकर भी विपक्ष पर सवाल उठाया। गिरिराज सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया जिस पायलट की तारीफ कर रही है, उसके प्रति भी इंडिया गठबंधन की ओर से एक बार बधाई देने की पहल नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे भी विपक्ष की वोट बैंक की राजनीति है।
गिरिराज सिंह ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि राजनीति सिर्फ वोट और मतदाता सूची के मुद्दे तक सीमित नहीं होनी चाहिए। विपक्ष को देश के विकास, जनता की समस्याओं, रोजगार और राष्ट्रहित के मुद्दों पर बात करनी चाहिए।





