Bihar crime news : गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अपराधियों ने एक बड़ी और सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। चार हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी व्यवसायी को गोली मारकर घायल कर दिया और लगभग 45 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद से बाजार और आसपास के क्षेत्रों में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।
घायल व्यवसायी की पहचान गुरारू बाजार निवासी प्रभाकर बरनवाल के रूप में हुई है, जो अपने प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम “एस ब्रदर्स ज्वेलर्स” के संचालक हैं। जानकारी के अनुसार, वे दुकान बंद कर अपनी कार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे करमाईन की ओर बढ़े, पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और अचानक हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने आते ही बिना किसी चेतावनी के ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि करीब छह राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। गोलीबारी के दौरान एक गोली व्यवसायी प्रभाकर बरनवाल के दाहिने पैर की जांघ में लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद बदमाशों ने मौके का फायदा उठाते हुए उनके पास मौजूद बैग छीन लिया और तेजी से फरार हो गए। घटनास्थल पर मौजूद ड्राइवर और स्टाफ सदस्य सुभाष संगत ने बताया कि हमलावर लगातार धमकी दे रहे थे और कह रहे थे कि “जमीन क्यों नहीं लिख रहे हो।” इस दौरान उन्होंने बैग छीन लिया और फरार हो गए। लूटे गए बैग में लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और करीब 5 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी गुरारू की ओर भाग निकले और कुछ ही मिनटों में इलाके से गायब हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और घायल व्यवसायी को तत्काल इलाज के लिए गुरारू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गया स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सूचना मिलते ही गुरारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं, जिससे साफ है कि अपराधियों ने पूरी योजना के तहत हमला किया था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यवसायियों का कहना है कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि अपराधियों की पहचान कर ली जाएगी और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इलाके में पुलिस की छापेमारी जारी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।





