गयाजी जिले में अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चों की मौत हो गई. बोधगया थाना क्षेत्र में रसगुल्ला खाने के बाद दौड़ते समय गिरने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि अतरी थाना क्षेत्र में घास काटने गई 14 वर्षीय किशोरी पैर फिसलने से कुएं में गिर गई. दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है.
मुंह में रसगुल्ला लेकर दौड़ा, गिरने से गले में फंसा
बोधगया थाना क्षेत्र के सोनू बिगहा गांव में रविवार रात आठ वर्षीय शिवम कुमार की मौत हो गई. वह गांव निवासी बच्चू यादव का पुत्र था और दो बहनों का इकलौता भाई था.
परिजनों के अनुसार, घर में रसगुल्ला रखा हुआ था. शिवम की मां ने उसे रसगुल्ला खाने से मना किया था, लेकिन उसने रसगुल्ला खा लिया. इसके बाद वह मुंह में रसगुल्ला लेकर दौड़ने लगा. इसी दौरान ठोकर लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा. गिरने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और रसगुल्ला उसके गले में फंस गया.
परिजन उसे तुरंत बोधगया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया.
सीएचसी की एंबुलेंस से बच्चे को मगध मेडिकल ले जाया जा रहा था. रास्ते में उसकी हालत और बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई. बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. मां-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.





