MOTIHARI: पूर्वी चंपारण जिले के लखौरा थाना क्षेत्र में दर्ज एक चर्चित हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 फरार आरोपियों के घरों पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई न्यायालय से जारी कुर्की वारंट के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, लखौरा थाना कांड संख्या 359/25 से जुड़े हत्या मामले में नामजद सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे हैं। आरोपियों की लगातार तलाश के बावजूद उनके न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर कोर्ट ने कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया था।
रविवार (20 जुलाई 2026) को पुलिस टीम ने लखौरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव पहुंचकर विधि-सम्मत तरीके से आरोपियों के घरों पर कुर्की की कार्रवाई की।
जिन आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, उनमें अवधेश राय, गुड्डू राय, लालू राय, मीना देवी, विकेश कुमार, छोटेलाल कुमार, आशा देवी, जिन्श्शी देवी, अरविंद कुमार, चांदनी कुमारी और मिनशी देवी शामिल हैं। सभी आरोपी लक्ष्मीपुर गांव के निवासी हैं और हत्या के इस मामले में नामजद हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट





