Bihar News: दरभंगा शहर के नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर निगम के पीछे स्थित एक नाले से करीब 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान लालबाग निवासी नजरे आलम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो दिनों से लापता थे।
घटना से परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गुरुवार को ही उनके घर में भतीजी की शादी होनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक युवक का शव मिलने की खबर से खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, नजरे आलम किराना का सामान खरीदने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। गुरुवार सुबह नगर निगम के पीछे कचरा पॉइंट के पास सफाई कर रहे एक कर्मचारी ने नाले में कुछ संदिग्ध दिखाई देने पर इसकी जानकारी दी। जांच के दौरान वहां एक युवक का शव मिला।
स्थानीय लोगों ने शव की पहचान नजरे आलम के रूप में की। बताया गया कि शव के पास बाजार से खरीदी गई मिर्च का पैकेट भी मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल शरीर पर किसी स्पष्ट चोट के निशान की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
नजरे आलम शादीशुदा थे और उनके दो बच्चे हैं। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट- गिरिश कुमार, दरभंगा





