Bihar Crime News: बिहार में एक और जमूई जैसी घटना दरभंगा में परीक्षा देने जा रही छात्रा को बाइक से जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है. जमालपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर अस्पताल के पास हुई इस घटना में पुलिस ने एक युवक और एक किशोर को पकड़ा है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली है.
घटना उस समय हुई जब छात्रा परीक्षा देने के लिए जा रही थी. आरोप है कि किरतपुर अस्पताल के समीप दोनों आरोपितों ने छात्रा को जबरन बाइक पर बैठा लिया और उसे अपने साथ ले जाने लगे. छात्रा ने इसका विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया.
छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे. लोगों को अपनी ओर आता देख दोनों आरोपित छात्रा को बाइक से नीचे गिराकर वहां से भाग निकले. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया.
जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों में किरतपुर गांव निवासी राजू सदा और एक किशोर शामिल है. राजू सदा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि किशोर को पर्यवेक्षण गृह में उपस्थापित कराया गया है.
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक को भी जब्त कर लिया है. मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
इसी बीच जमुई में किशोरी से जुड़ा संवेदनशील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले को लेकर दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने भी सख्त निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने लोगों से ऐसे वीडियो को शेयर या प्रसारित नहीं करने की अपील की है.
एसएसपी ने कहा कि किसी पीड़िता का वीडियो शेयर करना, उसकी पहचान उजागर करना या उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना कानूनन अपराध है. व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम या किसी अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर ऐसे वीडियो को शेयर, कॉपी-पेस्ट या फॉरवर्ड नहीं किया जाना चाहिए.
पुलिस ने लोगों से किशोरी का नाम, पता, स्कूल या परिवार से जुड़ी किसी भी जानकारी को सार्वजनिक नहीं करने की अपील की है. पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान उजागर होने से उसकी निजता और सुरक्षा प्रभावित हो सकती है.
एसएसपी ने बताया कि साइबर सेल इंटरनेट मीडिया पर लगातार निगरानी रख रही है. ऐसे किसी संवेदनशील वीडियो के प्रसारण की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है.
पुलिस ने लोगों से ऐसे मामलों में 112 या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने को कहा है. पुलिस के मुताबिक किशोरियों की पहचान और गोपनीयता से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





