Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने गुरु साहिब के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
गुरुद्वारे में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रकाश पर्व को भव्य और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 360वें प्रकाश पर्व को भव्य रूप से मनाने की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया है। उन्होंने कहा कि आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजामों को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में बिहार के मुख्य सचिव, डीजीपी, पटना के जिलाधिकारी, एसएसपी समेत राज्य सरकार और जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों से आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सुझाव लिए गए। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रकाश पर्व के आयोजन को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों पर ध्यान देने को कहा।





