Bihar News: बिहार सरकार ने दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए राज्य के सभी शिक्षकों, सरकारी पदाधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन त्योहार से पहले भुगतान करने का निर्देश दिया है। इस संबंध में वित्त विभाग के प्रधान सचिव ने शुक्रवार को शिक्षा समेत सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, विभागाध्यक्ष, प्रमंडलीय आयुक्त और जिला पदाधिकारियों को पत्र जारी कर दिया।
दो दिन पूर्व समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने छठ से पूर्व लिपिक, परिचारी, शिक्षा सेवक, तालीमी मरकज, शारीरिक शिक्षक, संस्कृत और मदरसा शिक्षकों के लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। उन्होंने वेतन भुगतान में अनावश्यक देरी न करने को भी कहा था।
वित्त विभाग ने गृह और शिक्षा विभाग के अंतर्गत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन और भत्तों में व्याप्त विसंगतियों की जांच भी अविलंब पूरी करने तथा त्योहार से पहले उनके वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी कार्यालय के स्तर पर त्योहार से पहले वेतन भुगतान नहीं होता है तो इस देरी की जांच कराई जाएगी। साथ ही, इसके लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वित्त विभाग ने सभी विभागों और उनके अधीनस्थ कार्यालयों में इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है।




