Bihar Teacher News: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की तीसरे चरण की शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के तहत चयनित 51,389 शिक्षकों को अब स्कूल आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शनिवार को पहले चरण में 11 जिलों के शिक्षकों को स्कूल आवंटित किया गया।
दरअसल, शनिवार को शिक्षा विभाग ने पहले चरण में 11 जिलों के शिक्षकों को स्कूल आवंटित किया, जिसमें सबसे पहले अरवल जिले के शिक्षकों को तैनाती मिली। शिक्षा विभाग के अनुसार, स्कूल आवंटन की सूचना शिक्षकों को उनके मोबाइल पर SMS के माध्यम से भेजी जाएगी।
अगले एक सप्ताह के भीतर सभी चयनित शिक्षकों को स्कूल आवंटित कर दिया जाएगा। स्कूल आवंटन के बाद शिक्षकों के योगदान को लेकर अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। इन निर्देशों के तहत संबंधित जिला पदाधिकारी और विद्यालय के प्रधानाध्यापक यह सुनिश्चित करेंगे कि शिक्षक समय पर योगदान करें।
बता दें कि तीसरे चरण के तहत मार्च माह में ही शिक्षकों को औपबंधिक नियुक्ति-पत्र जारी कर दिए गए थे, जिसके बाद से ही वे अपने पदस्थापन का इंतजार कर रहे थे। शिक्षा विभाग ने शनिवार से तीसरे चरण के बहाल शिक्षकों के बीच स्कूलों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।





