Bihar Crime News: रोहतास के बिक्रमगंज में घर में घुसकर 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि पड़ोस का एक युवक अपने तीन साथियों के साथ रात में घर में घुसा और किशोरी की मां को पिस्टल दिखाकर डराया. इसके बाद आरोपी किशोरी को छत पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया.
घटना को लेकर किशोरी की मां ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है.
रात में घर में घुसे आरोपी
पीड़िता की मां के बयान पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, महिला अपनी 16 वर्षीय बेटी के साथ घर के एक कमरे में सो रही थी. इसी दौरान पड़ोस का एक युवक तीन अन्य लोगों के साथ बगल की छत से होकर उनके घर की छत पर पहुंचा. इसके बाद सभी सीढ़ी के रास्ते कमरे में दाखिल हुए.
आरोप है कि युवक किशोरी को अपने साथ ले जाने लगा. जब किशोरी और उसकी मां ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर दोनों को डराया. प्राथमिकी के अनुसार, तीनों अन्य आरोपी चेहरे ढके हुए थे और वे किशोरी की मां के पास खड़े रहे.
छत पर ले जाकर दुष्कर्म का आरोप
शिकायत के मुताबिक, मुख्य आरोपी किशोरी को पिस्टल के बल पर छत पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद किशोरी की मां आरोपी के घर शिकायत करने पहुंची, लेकिन वहां भी उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
चारों आरोपी फरार
बिक्रमगंज थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है. उन्होंने बताया कि मामले में नामजद समेत सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है.




