Bihar Land Records: बिहार में जमाबंदी सुधार और उत्तराधिकार नामांतरण विशेष अभियान की मुख्यालय स्तर पर निगरानी तेज कर दी गई है। शनिवार को मुख्यालय से 16 अधिकारियों को राज्य के 16 जिलों के 32 अंचलों में औचक निरीक्षण के लिए भेजा गया। अधिकारियों ने अंचल कार्यालयों में पहुंचकर ऑनलाइन सेवाओं, अभिलेखागार के रखरखाव और 45 दिवसीय विशेष अभियान की प्रगति की जमीनी पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान जमाबंदी में दर्ज त्रुटियों के सुधार, रिक्त प्रविष्टियों को भरने और लंबित उत्तराधिकार नामांतरण मामलों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने यह भी देखा कि अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए अंचल स्तर पर किस तरह काम किया जा रहा है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जमाबंदी अभिलेखों को दुरुस्त करने और उत्तराधिकार नामांतरण के लंबित मामलों का निष्पादन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
औचक निरीक्षण के माध्यम से मुख्यालय यह सुनिश्चित कर रहा है कि अंचलों में अभियान की वास्तविक प्रगति क्या है और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने में कहां तेजी लाने की जरूरत है। अधिकारियों को अभियान के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों ने अंचल कार्यालयों में संचालित ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति का भी जायजा लिया। इसके अलावा अभिलेखागार में दस्तावेजों के रखरखाव और संधारण की व्यवस्था की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान नवंबर में वासविहीन परिवारों को पर्चा निर्गत करने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। विभाग की ओर से संबंधित अधिकारियों को अभियान के कार्यों में गंभीरता और जवाबदेही बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग के सचिव जय सिंह ने कहा कि विभाग का स्पष्ट उद्देश्य है कि जमाबंदी सुधार और उत्तराधिकार नामांतरण का विशेष अभियान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि इसका प्रभाव धरातल पर दिखाई दे। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अभियान के कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि 31 अक्टूबर तक जमाबंदी की त्रुटियों का सुधार हो जाए। अंचल कार्यालयों में ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति और अभिलेखों के रख-रखाव की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है कि अभियान के कार्यों को गंभीरता और जवाबदेही के साथ पूरा करें।”




