gopalganj: गोपालगंज से बड़ी खबर आ रही है जहां हथुआ प्रखंड के अनुमंडलीय अस्पताल का जर्जर भवन अचानक गिर जाने से उसके अंदर दबकर दो लोगों की मौत हो गई। मृतक की पहचान हथुआ थाना के तुरुक पट्टी गांव के नीतीश कुमार साह और मीरगंज थाना क्षेत्र के बसडीला गांव के संतोष साह के रूप में की गयी है। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वही घायल युवक की पहचान अरमान अली के रूप में की गयी है। जिसका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि अनुमंडलीय अस्पताल के पुराने जर्जर भवन को तोड़ा जा रहा था। जिसके ईंट और कंक्रीट को खरीदने के लिए लोग जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक दिवार गिर गया। जिससे अफरा-तफरी मच गई।
जबतक लोग संभल पाते तब तक दो लोग अचानक जर्जर भवन के नीचे दब गए। जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। लोगों ने किसी तरह घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया। इधर सूचना मिलते ही हथुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की शिनाख्त करने में जुट गई। इधर दो युवकों के मलबे में दबकर मौत की खबर मिलते ही यह बात जंगल में लगी आग की तरह फैल गई। अस्पताल कैंपस में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट





