Bihar Crime News: बिहार के दानापुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने ही देवर के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली। दोनों के बीच चल रहे अवैध संबंध में पति बाधा बन रहा था, इसलिए उसे रास्ते से हटाने का फैसला लिया गया। हत्या के बाद पूरे मामले को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस खूनी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
यह सनसनीखेज मामला बिहटा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव का है। मृतक की पहचान अनिरुद्ध कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 4 मई को अनिरुद्ध की मौत को सड़क दुर्घटना बताकर मामला दर्ज कराया गया था। शुरुआत में परिवार वालों ने भी हादसे की कहानी सुनाई, लेकिन पुलिस को कई बातें संदिग्ध लगीं।
जब शव का पोस्टमार्टम कराया गया तो सच सामने आ गया। डॉक्टरों की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि अनिरुद्ध की मौत सड़क हादसे में नहीं, बल्कि गोली लगने से हुई है। उसके सिर और पैर में गोली मारी गई थी। इसके बाद पुलिस का शक गहराया और मृतक की पत्नी तथा उसके छोटे भाई कुंदन कुमार से कड़ाई से पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों बार-बार बयान बदलते रहे। आखिरकार सख्ती करने पर पत्नी टूट गई और उसने पूरी साजिश कबूल कर ली। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला का अपने देवर के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। अनिरुद्ध इस रिश्ते का विरोध करता था, जिससे दोनों उसे रास्ते से हटाना चाहते थे।
पुलिस के अनुसार, 4 मई की रात गांव के पास अनिरुद्ध को बुलाया गया और फिर उसे गोली मार दी गई। एक गोली सिर में और दूसरी पैर में मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद पिस्टल को कुएं में फेंक दिया गया और पुलिस को सड़क हादसे की झूठी सूचना दी गई।
मामले की जांच कर रही पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी देवर को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पिस्टल और मैगजीन भी कुएं से बरामद कर ली गई है।



