Bihar Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को सीएम सचिवालय में बिहार कैबिनेट की अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े 32 एजेंडों पर सरकार ने अपनी मुहर लगाई। इस बैठक में डिप्टी सीएम समेत बिहार सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे।
कैबिनेट की बैठक में सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। सातवें वेतनमान के तहत वेतन प्राप्त कर रहे सरकारी कर्मचारियों को अब 60 प्रतिशत की जगह 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। यानी महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
इसके अलावा मोकामा टाल क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण और जल निकासी कार्य के लिए भी सरकार ने प्रशासनिक और व्यय की स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना के लिए 254 करोड़ 57 लाख 38 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
वही बिहार औषधि नियंत्रण संवर्ग संशोधन नियमावली 2026 के गठन की स्वीकृति दी गई है। वित्त विभाग ने ओमप्रकाश झा संविदा पर कार्यरत बजट सलाहकार की संविदा अवधि को 2 वर्षों के लिए विस्तारित करने का निर्णय लिया है। कैबिनेट ने इस पर मुहर लगा दी है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में भू अर्जन निदेशालय के तहत विभिन्न श्रेणी के कल 438 स्थाई पदों का प्रत्यर्पण किया गया है।साथ ही 342 स्थाई पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है। कैबिनेट के अन्य फैसलों में विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है।











