ब्रेकिंग
बेतिया में 35 करोड़ का सोना लूटकर कहां गायब हुए 8 बदमाश? वैशाली के मास्टरमाइंड तक पहुंची STF, महनार में आधी रात बड़ा एक्शन✦बालू लदे ट्रक ने साइकिल सवार छात्र को कुचला, मौके पर हुई दर्दनाक मौत; कोचिंग जाने के दौरान हुआ हादसा✦Bihar News : समस्तीपुर में चलती ग्वालियर-बरौनी मेल पर किसने बरसाए पत्थर? इंजन का शीशा टूटा, सहायक लोको पायलट घायल✦Bihar Politics : पहले MLC चुनाव, अब मानिकपुर रैली... आखिर क्यों बार-बार रद्द हो रहा ललन सिंह और निशांत कुमार का कार्यक्रम? बिहार की सियासत में नई चर्चा शुरू✦Bihar Voter List 2027 : बिहार में वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो 21 नवंबर को पहुंचें बूथ पर, नया नाम जुड़वाने और वोटर कार्ड में सुधार का मिलेगा मौका; जानें कौन-सा फॉर्म भरें✦बेतिया में 35 करोड़ का सोना लूटकर कहां गायब हुए 8 बदमाश? वैशाली के मास्टरमाइंड तक पहुंची STF, महनार में आधी रात बड़ा एक्शन✦बालू लदे ट्रक ने साइकिल सवार छात्र को कुचला, मौके पर हुई दर्दनाक मौत; कोचिंग जाने के दौरान हुआ हादसा✦Bihar News : समस्तीपुर में चलती ग्वालियर-बरौनी मेल पर किसने बरसाए पत्थर? इंजन का शीशा टूटा, सहायक लोको पायलट घायल✦Bihar Politics : पहले MLC चुनाव, अब मानिकपुर रैली... आखिर क्यों बार-बार रद्द हो रहा ललन सिंह और निशांत कुमार का कार्यक्रम? बिहार की सियासत में नई चर्चा शुरू✦Bihar Voter List 2027 : बिहार में वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो 21 नवंबर को पहुंचें बूथ पर, नया नाम जुड़वाने और वोटर कार्ड में सुधार का मिलेगा मौका; जानें कौन-सा फॉर्म भरें

बेतिया में 35 करोड़ का सोना लूटकर कहां गायब हुए 8 बदमाश? वैशाली के मास्टरमाइंड तक पहुंची STF, महनार में आधी रात बड़ा एक्शन

बेतिया में 35 करोड़ की सेनको गोल्ड लूट का मामला अब वैशाली और समस्तीपुर तक पहुंच गया है। STF ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। महनार में आधी रात हुई छापेमारी के बाद कथित मास्टरमाइंड को लेकर कई बड़े खुलासों की चर्चा है।

बेतिया में 35 करोड़ का सोना लूटकर कहां गायब हुए 8 बदमाश? वैशाली के मास्टरमाइंड तक पहुंची STF, महनार में आधी रात बड़ा एक्शन
Tejpratap
Tejpratap
7 मिनट

बिहार के बेतिया में दिनदहाड़े हुए 35 करोड़ रुपये के सेनको गोल्ड लूटकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस वारदात की परतें खुलती जा रही हैं। अब इस हाईप्रोफाइल लूट के तार वैशाली और समस्तीपुर से जुड़ते नजर आ रहे हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि इस पूरी वारदात के पीछे बिहार के एक संगठित अंतरजिला सोना लुटेरा गिरोह का हाथ है। यही वजह है कि बिहार एसटीएफ और बेतिया पुलिस ने वैशाली से लेकर समस्तीपुर तक संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।

इस मामले में अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, महनार में हुई छापेमारी के दौरान कथित मास्टरमाइंड और एक अन्य संदिग्ध के परिजनों को भी पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस कार्रवाई और हिरासत में लिए गए लोगों को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।

20 मिनट में खाली कर दिया था करोड़ों का शोरूम

दरअसल, 18 नवंबर 2026 को बेतिया के सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में हथियारबंद अपराधियों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पूरे बिहार में सनसनी फैला दी। आठ अपराधी अचानक शोरूम में दाखिल हुए और हथियार के बल पर कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया।

इसके बाद अपराधियों ने बेहद तेजी से सोने और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बताया जाता है कि पूरी वारदात को अंजाम देने में उन्हें महज 20 मिनट लगे। लूटे गए गहनों और नकदी की कुल कीमत करीब 35 करोड़ रुपये आंकी गई है।

अपराधियों की यह पूरी करतूत शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना के बाद पुलिस ने फुटेज खंगालने के साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से जांच शुरू की। इसी जांच में वैशाली और समस्तीपुर के अपराधियों की संभावित भूमिका सामने आने लगी।

महनार के पासवान टोला में आधी रात को पहुंची STF

लूटकांड की जांच में वैशाली कनेक्शन मिलने के बाद बुधवार की रात बिहार एसटीएफ और बेतिया पुलिस की टीम महनार पहुंची। स्थानीय पुलिस को साथ लेकर कई गाड़ियां अचानक हसनपुर उत्तरी पंचायत के पासवान टोला पहुंचीं। इसके बाद इलाके में छापेमारी शुरू की गई।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को जानकारी मिली थी कि इस लूटकांड का कथित मास्टरमाइंड महनार इलाके का रहने वाला है। इसी आधार पर टीम ने संदिग्धों के घरों पर कार्रवाई की। इस दौरान मास्टरमाइंड के पिता और एक अन्य संदिग्ध के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए बेतिया ले जाया गया।

इसके अलावा बेतिया में भी दो लोगों को पकड़े जाने की चर्चा है। इस तरह वैशाली और समस्तीपुर से अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को उम्मीद है कि इनसे पूछताछ के दौरान फरार अपराधियों के ठिकानों और लूटे गए सोने के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं।

वैशाली के पांच अपराधियों पर शक, महुआ का भी नाम

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, सेनको शोरूम में लूटपाट करने वाले आठ अपराधियों में से पांच वैशाली जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें कथित मास्टरमाइंड भी शामिल है। इसके अलावा एक अपराधी के महुआ इलाके का निवासी होने की बात सामने आई है।पुलिस को आशंका है कि मास्टरमाइंड ने अपने पुराने आपराधिक साथियों को एकजुट कर इस बड़ी वारदात की योजना बनाई थी। इसके बाद शोरूम की रेकी की गई और हथियारों तथा वाहनों की व्यवस्था कर घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल हाजीपुर, महनार, जंदाहा, लालगंज और भगवानपुर समेत वैशाली के कई इलाकों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। समस्तीपुर में भी पुलिस की गतिविधियां तेज हैं।

जब भी होती है बड़ी सोना लूट, वैशाली का नाम क्यों आता है?

बिहार में सोना लूट की बड़ी वारदातों की चर्चा हो और वैशाली के अपराधी गिरोहों का नाम सामने न आए, ऐसा कम ही देखने को मिलता है। जिले के कुछ कुख्यात गिरोहों का नेटवर्क बिहार से बाहर तक फैला हुआ बताया जाता है। सुबोध सिंह और मनीष कुमार जैसे अपराधियों के गिरोहों के नाम देश के कई राज्यों में हुई बड़ी लूट की घटनाओं की जांच में सामने आ चुके हैं।

इन गिरोहों का काम करने का तरीका भी काफी संगठित बताया जाता है। पहले शोरूम या फाइनेंस कंपनी की रेकी की जाती है। फिर हथियार, वाहन और भागने के रास्तों की व्यवस्था होती है। इसके बाद अचानक धावा बोलकर कुछ ही मिनटों में करोड़ों का सोना लूट लिया जाता है। लूट के बाद सोने को गलाकर बेचने और रकम को आपस में बांटने की बात भी जांच में सामने आती रही है।

आरा से मुजफ्फरपुर तक जुड़ चुका है वैशाली कनेक्शन

वैशाली के अपराधी गिरोहों का नाम पहले भी कई बड़ी सोना लूट की घटनाओं में सामने आ चुका है। भोजपुर के आरा में तनिष्क शोरूम से करीब 25 करोड़ रुपये के गहनों की लूट हो या मणप्पुरम गोल्ड लोन से लगभग 15 किलो सोना लूटने की वारदात, इन मामलों की जांच में वैशाली के अपराधियों की भूमिका की पड़ताल हुई थी।

मुजफ्फरपुर के मुथूट फाइनेंस से 32 किलो सोना लूटने के मामले में भी वैशाली के अपराधियों की संलिप्तता सामने आई थी। वहीं, समस्तीपुर के अनिल ज्वेलर्स से करीब दो करोड़ रुपये के आभूषण लूटने के मामले का मुख्य आरोपी राजनंदन उर्फ छोटू भी वैशाली का रहने वाला बताया जाता है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में करीब 21 किलो 750 ग्राम सोने की लूट और झारखंड के रांची समेत कई इलाकों में हुई वारदातों की जांच में भी वैशाली के अंतरराज्यीय गिरोहों के तार जुड़े मिले हैं।

अब पुलिस के सामने तीन बड़ी चुनौतियां

सेनको गोल्ड लूटकांड में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती फरार आठ अपराधियों तक पहुंचना है। इसके साथ ही लूटे गए करीब 35 करोड़ रुपये के गहनों की बरामदगी और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करना भी जांच का अहम हिस्सा है।

अब सवाल यह है कि क्या एसटीएफ महनार और समस्तीपुर से मिले सुरागों के आधार पर इस बड़े लूटकांड के मास्टरमाइंड तक पहुंच पाएगी? क्या वैशाली का यह कथित गिरोह एक बार फिर पुलिस के शिकंजे में आएगा? फिलहाल इन सवालों के जवाब पुलिस की अगली कार्रवाई और जांच के नतीजों पर निर्भर हैं।