Bihar Voter List 2027 : बिहार में अगर आपका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वोटर कार्ड में नाम या पता गलत दर्ज है या फिर परिवार के किसी सदस्य का नाम वोटर लिस्ट से छूट गया है तो आपके लिए जरूरी खबर है। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, पुरानी प्रविष्टियों में सुधार कराने और गलत नाम हटवाने का मौका मिलेगा। खास बात यह है कि इसके लिए लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर बीएलओ के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
आयोग की ओर से इस पूरी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए दो विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। पहला अभियान 21 और 22 नवंबर को आयोजित होगा। वहीं, दूसरा विशेष अभियान 5 और 6 दिसंबर को चलेगा। इन चार दिनों में मतदाता अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे और निर्धारित फॉर्म भरकर आवेदन जमा कर सकेंगे।
11 दिसंबर तक चलेगा मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बिहार में 12 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 शुरू हो चुका है। यह प्रक्रिया 11 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान मतदाता सूची के प्रारूप की जांच की जाएगी और योग्य नागरिकों को सूची में अपना नाम शामिल कराने का अवसर मिलेगा।
बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जिलों के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को इस प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि मतदाताओं को आवेदन करने में किसी तरह की परेशानी न हो।निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। इसलिए विशेष अभियान दिवसों पर मतदान केंद्रों पर बीएलओ की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी।
21 और 22 नवंबर को बूथ पर मिलेंगे बीएलओ, ऐसे उठाएं फायदा
पहला विशेष अभियान दिवस 21 नवंबर शनिवार और 22 नवंबर रविवार को आयोजित होगा। इन दोनों दिनों में बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर तैनात रहेंगे। यहां मतदाता सूची का प्रारूप प्रदर्शित किया जाएगा। मतदाता अपने नाम, पते और अन्य जानकारियों की जांच कर सकेंगे।
अगर किसी व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है तो वह नया नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है। वहीं, मतदाता सूची में नाम, जन्मतिथि या पता जैसी जानकारी में गलती होने पर संबंधित फॉर्म भरकर सुधार के लिए आवेदन दिया जा सकता है।इसके अलावा किसी मृत व्यक्ति या ऐसे व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए भी आवेदन किया जा सकता है, जो अब संबंधित मतदाता सूची में दर्ज रहने का पात्र नहीं है। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने अलग-अलग फॉर्म निर्धारित किए हैं।
घर बैठे भी कर सकते हैं आवेदन, ऑनलाइन है सुविधा
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या किसी तरह का सुधार कराने के लिए मतदान केंद्र पर जाना अनिवार्य नहीं है। निर्वाचन आयोग ने ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। इसके लिए मतदाता आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा Voter Helpline App के जरिए भी मतदाता सूची से संबंधित सेवाओं का लाभ उठाया जा सकता है। इससे खासकर उन लोगों को सुविधा मिलेगी, जो किसी कारण से अपने मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच सकते। हालांकि, आवेदन करते समय सही जानकारी और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण होगा, ताकि आवेदन के सत्यापन और आगे की प्रक्रिया में परेशानी नहीं हो।
किस काम के लिए कौन-सा फॉर्म भरना होगा?
मतदाता सूची से जुड़े अलग-अलग कामों के लिए निर्वाचन आयोग ने अलग-अलग फॉर्म निर्धारित किए हैं। ऐसे में आवेदन करने से पहले यह जानना जरूरी है कि किस काम के लिए कौन-सा फॉर्म भरना होगा।
1. फॉर्म-6 : नया वोटर बनने के लिए
अगर आपकी उम्र 18 वर्ष हो चुकी है या निर्धारित पात्रता के अनुसार निकट भविष्य में 18 वर्ष पूरी होने वाली है तो मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। इसके साथ घोषणा पत्र भी देना होगा। पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं के लिए यह सबसे जरूरी फॉर्म है।
2. फॉर्म-6A : विदेश में रहने वाले भारतीयों के लिए
अगर कोई भारतीय नागरिक विदेश में रह रहा है और उसने किसी दूसरे देश की नागरिकता नहीं ली है तो वह मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6A भर सकता है। यह विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों यानी एनआरआई के लिए निर्धारित है।
3. फॉर्म-7 : मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए
अगर किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटवाना है तो इसके लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जाएगा। निर्धारित नियमों के तहत नाम हटाने से संबंधित दावा या आपत्ति इस फॉर्म के माध्यम से दर्ज कराई जा सकती है।
4. फॉर्म-8 : वोटर कार्ड में सुधार और अन्य सुविधाओं के लिए
मतदाता सूची में दर्ज किसी प्रविष्टि में सुधार कराने, निवास स्थान बदलने, दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नित कराने या मतदाता पहचान पत्र (EPIC) से जुड़ी निर्धारित सेवाओं के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जाता है।
4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए पूरी समय-सारिणी भी निर्धारित कर दी है। इसके तहत 5 और 6 दिसंबर को दूसरे विशेष अभियान दिवस का आयोजन होगा। इसके बाद मतदाता सूची को लेकर प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
इसलिए बिहार के मतदाताओं के लिए जरूरी है कि वे समय रहते अपने नाम और अन्य जानकारियों की जांच कर लें। खासकर पहली बार वोट डालने की तैयारी कर रहे युवाओं को इस मौके का लाभ उठाना चाहिए। क्योंकि वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होना ही मतदान करने की पहली और सबसे जरूरी शर्त है।





